जबलपुर, नईदुनिया प्रतिनिधि। जाय सीनियर सेकेंडरी स्कूल में रंगों की कूची ने पर्यावरण प्रेम को उजागर किया। बच्चों ने अपने सपनों को रंगों के जरिए कागज पर उकेरा। मौका था जाय सीनियर सेकेंडरी स्कूल की संस्थापिका स्वर्गीय विमला मेबन की स्मृति में पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम सुंदर दृष्टि,सुंदर सृष्टि के तहत मेगा ड्राईंग कार्निवाल का। जिसमें एक हजार से ज्यादा प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन कला जगत से जुड़े शासकीय कला निकेतन के सोमेश सोनी और राकेश सहरावत क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त ने अपने हुनर को भी रंगों की कूची के जरिए कागज पर उतारा। कार्यक्रम में विभागाध्यक्ष कला निकेतन फाइन आर्ट मनीष कोष्टा, आकृति इंस्टीट्यूट आफ फाइन आर्ट की संचालिका दीपा अग्रवाल तथा कलाकार चंदन भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत संस्था प्रमुख अखिलेश मेबन ने पुष्प गुच्छ से किया।
संगीत की मधुर धुन में आयोजन: चित्रकला स्पर्धा के दौरान संगीत का आनंद भी प्रतिभागियों ने लिया। विद्यालय के संगीत विभाग के लगभग 30 विद्यार्थियों ने अपनी गायन, नृत्य और वाद्य कला का प्रदर्शन किया। स्पर्धा में प्रतिभागियों को संस्था की तरफ से चित्रकला की किट उपलब्ध कराई गई। इस दौरान कोरोना गाइडलाइन का पूरा पालन किया गया। स्पर्धा में शामिल प्रतिभागियों की चित्रों में श्रेष्ठ कृति का चयन 6 जनवरी को जाय सीनियर सेकेंडरी स्कूल परिसर में होगा। इस दौरान प्रबंधक अखिलेश मेबन,प्राचार्य रश्मि मेबन, उप प्राचार्या नीनू मेबन, कैप्टन तनय मेबन, कार्यालय अधीक्षक प्रदीप वलेचा, कला शिक्षिका ऋृचा पंडित की अहम भूमिका रही।
हरियाली की चादर उडाई: बच्चों को दो वर्ग में बांटा गया। छह साल से 11 साल की उम्र वालों को अलग वर्ग में बांटा गया। वहीं 12 साल से 17 साल वाले विद्यार्थियों का अगल समूह था। बच्चों ने पर्यावरण विषय पर अपने मन मस्तिष्क में हरेभरे पेड़, जंगल,पहाड़,नदी,तालाब को दिखाने का प्रयास किया। हर किसी ने एक से बढ़कर एक चित्रकारी का प्रदर्शन किया।