
नईदुनिया प्रतिनिधि,जबलपुर। रुपयों के लेनदेन के विवाद में कटंगी क्षेत्र में एक गल्ला व्यापारी को कार में बैठाकर ले जाने और बाद में गोली लगने का मामला सामने आया है। घायल व्यापारी को गंभीर हालत में मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शहपुरा निवासी राजा सिंह लोधी का कई व्यापारियों और किसानों से लेनदेन था। इसी सिलसिले में कटंगी के पौड़ी डुंगरिया निवासी किसान सोहन सिंह लोधी अपने साथियों के साथ पाटन के उड़ना गांव पहुंचा था। वहां दोनों पक्षों के बीच बातचीत चल रही थी।
बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान सोहन सिंह और उसके साथियों ने राजा सिंह को कार में बैठाया और अपने कटंगी स्थित घर ले गए। यहां लेनदेन को लेकर चर्चा जारी थी, तभी अचानक गोली चल गई। गोली राजा सिंह के पेट में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार गोली देसी कट्टे से चली थी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद सोहन सिंह और उसके परिजन घायल राजा सिंह को लेकर सीधे कटंगी थाने पहुंचे। वहां से प्राथमिक कार्रवाई के बाद घायल को मेडिकल अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गोली कैसे चली और फायरिंग किसने की।
कटंगी थाना प्रभारी पूजा उपाध्याय ने बताया कि सोहन सिंह और उसके साथी राजा सिंह से बातचीत करने पाटन के उड़ना गए थे। वहां से उसे कार से कटंगी लाया गया। कटंगी स्थित घर में रहस्यमय परिस्थितियों में राजा सिंह को गोली लगी है। घायल के बयान दर्ज होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
यह भी पढ़ें- करंट से युवक की मौत में जबलपुर के निसर्ग रिसोर्ट का संचालक पूर्व तहसीलदार विवेक त्रिपाठी गिरफ्तार