International Yoga Day 2023 : जबलपुर, नईदुनिया प्रतिनिधि। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का कार्यक्रम सफल बनाने मानस भवन में ‘हर आंगन योग’ थीम पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयति सिंह ने योग दिवस के कार्यक्रम की रूपरेखा की जानकारी देते हुए कहा कि मुख्य कार्यक्रम गैरिसन ग्राउंड में आयोजित होगा। वहां 15 हजार योगाभ्यासी एक साथ सुबह 6 बजे से भाग लेंगे। कार्यक्रम का लाइव प्रसारण 80 देशों में किया जाएगा। अत: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पहले से योग ट्रेनिंग शुरू कर दी जाए। ताकि योग का अच्छा प्रदर्शन किया जा सके।
सीईओ जयति सिंह ने बताया कि मुख्य कार्यक्रम के अलावा अनेक स्थान पर योग का कार्यक्रम किया जाएगा। इसके साथ साथ महाविद्यालयों के मैदानों पर भी योग क्रियाएं सुनिश्चित की जाएंगी। स्पेशल ग्रुप्स के लिए भी योग का कार्यक्रम होगा। जिसमें दिव्यांग, ट्रांसजेंडर, कैंसर व थैलेसीमिया के लोग होंगे। कार्यक्रम के सफलता के लिए उन्होंने आग्रह किया कि पहले से ट्रेनिंग करें, निरंतर अभ्यास करें और योग विधा में पारंगत हों, ताकि बेहतर प्रदर्शन हो सके। योग दिवस कार्यक्रम में भारत के उपराष्ट्रपति महामहिम शामिल होंगे। अत: कार्यक्रम की गरिमा को देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी अधिकारियों को दायित्व सौंपकर योग दिवस को सफल बनाने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम की जागरूकता के लिए खेलो इंडिया में गोल्ड मेडलिस्ट रही बालिकाओं और अन्य योगाभ्यासी बालिकाओं द्वारा योग-क्रियाओं का प्रदर्शन किया गया। साथ ही बाल भवन की बालिका काव्या भासीन व सृष्टि पोगड़े ने योग नृत्य कर सभी को मंत्र मुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में उपस्थित रिकुंज विज ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का जबलपुर संस्कारधानी में आयोजित होना हम सबके लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कार्यक्रम को भव्य बनाकर रिकार्ड स्थापित करने के लिए सभी से इस कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया।
मानस भवन में हर आंगन योग के कार्यक्रम में जन अभियान के उपाध्यक्ष डा. जितेन्द्र जामदार, राज्य सभा सदस्य सुमित्रा वाल्मीक, मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड के अध्यक्ष विनोद गोंटिया, रिकुंज विज, कलेक्टर सौरभ कुमार सुमन, नगर निगम कमिश्नर स्वप्निल वानखड़े, योगाचार्य, योग ऐसोसियेशन से जुड़ी संस्थायें, विभागीय अधिकारी, शिक्षक व बच्चे उपस्थित रहे।