Jabalpur News : रामपुर पहाड़ी पर फिर तेंदुआ देखे जाने की खबर से मचा हड़कंप
Jabalpur News: रविवार की रात 12:30 बजे तेंदुआ देखे जाने का किया जा रहा दावा, नयागांव सोसायटी के रहवासियों ने वन विभाग को दी सूचना
By Sunil Dahiya
Edited By: Sunil Dahiya
Publish Date: Mon, 15 Feb 2021 04:20:21 PM (IST)
Updated Date: Mon, 15 Feb 2021 04:23:42 PM (IST)

जबलपुर, नईदुनिया प्रतिनिधि। रामपुर क्षेत्र की ठाकुरताल पहाड़ी पर तेंदुआ देखे जाने की खबर से सोमवार को नयागांव सोसायटी व आस-पास के क्षेत्र में एक बार फिर हड़कंप मच गया है। तेंदुए को रविवार की रात करीब 12:30 बजे देखे जाने का दावा किया जा रहा है। कई दिनों बाद तेंदुआ देखे जाने की खबर जैसे ही लोगों को लगी लोगों ने फिर से घूमना-फिरना बंद कर दिया। दहशत में आए नयागांव सोसायटी के रहवासियों ने इसकी सूचना वन विभाग को भी दे दी है। जानकारों के मुताबिक अभी कुछ दिनों तक तेंदुआ की चहलकदमी बंद थी। लेकिन अचानक तेंदुआ देखे जाने पर यह संभावना जताई जा रही है कि तेंदुए ने फिर से नयागांव की पहाड़ी को बसेरा बना लिया है।
पांच माह से मची है दहशत: विदित हो कि रामपुर पहाड़ी पर तेंदुआ कई दिनों से डेरा डाले हुए हैं। पिछले करीब पांच माह पहले तेंदुआ और उसके शवकों को पहाड़ी पर विचरण करने की खबरें सामने आ चुकी हैं। वन्य प्राणी को पहले भी ठाकुरताल तो कभी आइटी पार्क मैगी पांइट के आस-पास देखा जा चुका है। वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए जाल भी बिछाया, पिंजरा भी रखवाया लेकिन तेंदुआ आज तक पकड़ में नहीं आ सका।
शाम होते ही क्षेत्र में सन्नाटा: नयागांव सोसायटी व आस-पास के क्षेत्र में पिछले कई दिनों से तेंदुए की दहशत छाई हुई है। शाम ढलते ही यहां सन्नाटा पसर जाता है। यहां के रहवासी न तो टहलने निकलते हैं न अपने पालतु जानवरों को बाहर छोड़ते हैं। कुछ लोगों ने तो बकायदा सुरक्षा दीवार खड़ी कर ली है, सीसीटीवी कैमरे भी लगवा लिए हैं।