Jabalpur News : प्रदेश अध्यक्ष ने बंद कमरे में विधायकों काे दिखाया आइना किसी से 15 तो किसी से 30 मिनट की गुफ्तगूं
जबलपुर संभाग के आठ जिलों में भाजपा विधायकों को बुलाकर प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने आइना दिखाया।
By Rajnish Bajpai
Edited By: Rajnish Bajpai
Publish Date: Sat, 07 Jan 2023 11:12:16 AM (IST)
Updated Date: Sat, 07 Jan 2023 11:12:16 AM (IST)

जबलपुर,नईदुनिया प्रतिनिधि। जबलपुर संभाग के आठ जिलों में भाजपा विधायकों को बुलाकर प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने आइना दिखाया। संभागीय बैठक के बाद एक-एक विधायक के साथ बंद कमरे में चर्चा हुई। किसी के साथ 15 मिनट तो किसी से 30 मिनट तक संवाद चला। भाजपा के 13 विधायक में 11 आए। जिनके साथ संवाद हुआ। कई विधायकों की स्थिति चिंताजनक है उसे सचेत किया गया है।
पार्टी के कार्यकर्ताओं की नाराजगी से भी विधायकों को अवगत कराया गया है। जो विधायक क्षेत्र में निष्क्रिय है उन्हें समय रहते सतर्क भी किया गया है। बताया जाता है कि विधायकों को गुपचुप तरीके से अपने कार्य और व्यवहार में बदलाव की हिदायत दी गई है। उन्हें बताया गया कि समय कम बचा है क्षेत्र में हो रहे डैमेज कंट्रोल को तेजी से दुरुस्त कर ले वरना उनकी सीटों में बदलाव की बयार बह सकती है। इसलिए समय रहते कार्य कर लेने की बात कही गई है।
चेहरों के भाव पढ़ते रहे कार्यकर्ता- भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के आगमन को लेकर कार्यकर्ता भी कार्यालय में पहुंचे। कई नेता विधानसभा चुनाव लड़ने की फिराक में है इसके लिए मौजूदा विधायक उनकी मंशा में रोड़ा बने हुए है। ऐसे में प्रदेश अध्यक्ष के साथ हुई बंद कमरे की बैठक को लेकर ऐसे कार्यकर्ता अधिक रूचि दिखाते नजर आए। बताया जाता है कि कार्यकर्ताओं को अंदर की बात पता तो नहीं चली लेकिन कमरे में जाने और बाहर निकलते वक्त चेहरे के भाव को बारीकी से देखकर हालात समझने की कोशिश कर रहे थे।