
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के इस आदेश के तहत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर जोन 2 पल्लवी शुक्ला, नगर पुलिस अधीक्षक गढा आशीष जैन और उप पुलिस अधीक्षक अपराध उदयभान बागरी के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच और थाना गढा की टीम ने संयुक्त कार्रवाई की।
शुक्रवार को क्राइम ब्रांच को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि बड्डा दादा मैदान में एक महिला और दो युवक अटैची तथा बैग के साथ खड़े हैं, जिनके पास गांजा है। सूचना के आधार पर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए टीम ने बड्डा दादा ग्राउंड के पास दबिश दी। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे, लेकिन उन्हें घेराबंदी कर पकड़ा गया।
थाना प्रभारी गढा प्रसन्न कुमार शर्मा ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों में अनिकेत श्रीपाल (20 वर्ष), दीपू उर्फ देव रजक (22 वर्ष) और कमला बाई अहिरवार (45 वर्ष) शामिल हैं। तलाशी के दौरान अनिकेत की ट्राली अटैची में 4 पैकेट, दीपू के बैग में 4 पैकेट और कमला के बैग में 2 पैकेट गांजा मिला।
कुल 18 किलो 682 ग्राम गांजा, जिसकी कीमत लगभग 9 लाख 34 हजार रुपये है, जब्त किया गया। आरोपियों के खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है और उनसे पूछताछ जारी है कि यह गांजा कहां से और कैसे प्राप्त किया गया।
यह भी पढ़ें- जबलपुर के डीमार्ट से एक लाख 40 हजार का 200 किलो घी जब्त, पिज्जा सेंटरों से पनीर का लिया नमूना