
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत वाराणसी-गया तीर्थ यात्रा के लिए विशेष ट्रेन 29 सितंबर को जबलपुर मुख्य रेलवे स्टेशन से रवाना होगी। ट्रेन सुबह 7:15 बजे जबलपुर स्टेशन पहुंचेगी और निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 7:30 बजे तीर्थ यात्रियों को लेकर गंतव्य के लिए रवाना होगी।
संबंधित अधिकारियों ने यात्रियों से यात्रा के दौरान अपना मूल आधार कार्ड अनिवार्य रूप से साथ रखने की अपील की है। यात्रियों को ट्रेन के निर्धारित समय से पहले स्टेशन पहुंचने और यात्रा संबंधी आवश्यक तैयारियां पूरी करने की सलाह दी गई है।
कोटा स्टेशन के पुनर्विकास कार्य के चलते जबलपुर-अजमेर दयोदय एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग से संचालित होगी। 29 सितंबर से 18 अक्टूबर तक 20 दिन के ब्लाक के दौरान ट्रेन 12181 जबलपुर-अजमेर गुडला–कोटा चंबल केबिन–सोगरिया होकर चलेगी।
इस अवधि में ट्रेन का कोटा स्टेशन पर ठहराव नहीं रहेगा, बल्कि सोगरिया में अस्थायी ठहराव दिया जाएगा। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन की अद्यतन स्थिति एनटीइएस, रेल मदद 139 या स्टेशन सूचना प्रणाली से जांचने के लिए कहा है।
दक्षिण पूर्व रेलवे के झारसुगुड़ा पैसेंजर यार्ड में नान-इंटरलाकिंग कार्य के चलते जबलपुर–संतरागाछी हमसफर एक्सप्रेस का एक फेरा निरस्त किया गया है। गाड़ी 20827 जबलपुर–संतरागाछी 10 दिसंबर को जबलपुर से नहीं चलेगी।
गाड़ी संख्या 20828 संतरागाछी–जबलपुर नौ दिसंबर को निरस्त रहेगी। वहीं रानी कमलापति–संतरागाछी हमसफर 22169 भी नौ दिसंबर को रद्द रहेगी। यह ट्रेन कटनी के रास्ते संचालित होती है। संतरागाछी–रानी कमलापति 22170 भी 10 दिसंबर को निरस्त रहेगी।