Jabalpur News : नई दुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। भारत गौरव यात्रा मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना अंतर्गत जगन्नाथ पुरी ट्रेन रवाना हुई। भाजपा अंत्योदय प्रकोष्ठ द्वारा यात्रियों का स्वागत किया। भाजपा अंत्योदय प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक अमर मिश्रा ने बताया कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुजुर्गों के श्रवण कुमार बनकर तीर्थ दर्शन योजना प्रारंभ की। यह बुजुर्गों के लिए वरदान साबित हो रही है।
अब तक आठ लाख से ज्यादा यात्रियों को तीर्थ दर्शन कराया जा चुका है तीर्थ दर्शन योजना के तहत आज जगन्नाथ पुरी के लिए तीर्थ दर्शन ट्रेन रवाना हुई जिसमें जबलपुर से 175 यात्री भगवान जगन्नाथ के दर्शन करने रवाना हुए यात्रियों का स्वागत अंत्योदय प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक अमर मिश्रा के नेतृत्व में किया गया। उन्हें पुष्पमाला पहनाकर तुलसी की माला, भोजन के पैकेट वितरित किए गए। यात्रा का संपूर्ण खर्च मध्य प्रदेश सरकार वहन करती है। कार्यक्रम में हेमंत साहू, अमित सैनी, वैभव चौरसिया, विक्रांत परिहार, अनिल पाठक, साहिल सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।
जबलपुर से कोयंबटूर के बीच चलने वाली स्पेशल ट्रेन की समयावधि को रेलवे ने बढ़ा दिया है। जबलपुर रेल मंडल से चलने वाली गाड़ी संख्या 02198/02197 जबलपुर-कोयंबटूर साप्ताहिक एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन अब 27 अक्टूबर तक चलेगी। रेलवे के मुताबिक गाड़ी संख्या 02198 जबलपुर-कोयंबटूर स्पेशल ट्रेन 27 अक्टूबर और गाड़ी संख्या 02197 कोयंबटूर-जबलपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस 30 अक्टूबर 2023 तक चलेगी। इनके 3-3 ट्रिप में चलेगी। गाड़ी संख्या 02198 जबलपुर-कोयंबटूर साप्ताहिक एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन 6 अक्टूबर और गाड़ी संख्या 02197 कोयंबटूर-जबलपुर एक्सप्रेस 9 अक्टूबर तक बढ़ाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन नरसिंहपुर, गाडरवारा, पिपरिया, इटारसी एवं हरदा स्टेशन से होकर जाती है।