
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। रीवा-लखनादौन राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर बढ़ते सड़क हादसों को देखते हुए सुधार कार्यों की रफ्तार तेज कर दी गई है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने जबलपुर जिले में चार नए ब्लैक स्पॉट चिह्नित कर यहां ओवरब्रिज (आरओबी) और अंडरपास निर्माण को मंजूरी दे दी है। इन कार्यों पर करीब 60 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। एनएचएआई के अनुसार महाराजपुर जंक्शन, बरगी मोहल्ला, तिलवारा जंक्शन और गांधीग्राम क्षेत्र में दुर्घटनाएं बढ़ने के कारण इन स्थानों को ब्लैक स्पॉट के रूप में चिह्नित किया गया है।
यहां यातायात को सुरक्षित बनाने के लिए अंडरपास और ओवरब्रिज का निर्माण कराया जाएगा। इसके पहले भी एनएचएआई द्वारा 190 करोड़ रुपये की लागत से राष्ट्रीय राजमार्ग-30 के कई हिस्सों में सुधार कार्य शुरू किए जा चुके हैं। सिहोरा, बरनू तिराहा, बरौदा, धूमा और खजरी खिरिया जैसे स्थानों को ब्लैक स्पॉट मानकर तकनीकी सुधार किए जा रहे हैं। इन कार्यों के लिए निविदा जारी कर निर्माण शुरू हो चुका है।
गौरतलब है कि रीवा से लखनादौन के बीच करीब 300 किलोमीटर लंबे मार्ग का सेफ्टी ऑडिट कराया गया था। इसमें सड़क संकेतकों की कमी, क्रैश बैरियर में खामियां और खतरनाक क्रॉसिंग जैसी समस्याएं सामने आई थीं। साथ ही कई स्थानों पर सड़क के डिजाइन में भी सुधार की आवश्यकता बताई गई थी। इसी के तहत खजरी खिरिया बायपास पर ब्रिज निर्माण, धूमा बायपास व घनगवां में व्हीकल अंडरपास, बरनू तिराहा पर अंडरपास तथा गांधीग्राम में एक से दो किलोमीटर लंबी सर्विस रोड का निर्माण किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- रतलाम कलेक्टर- जिला पंचायत अध्यक्ष में हुई सुलह, मुलकात का समय न मिलने पर दिया था धरना
वहीं रमनपुर घाटी और चूल्हा गोलाई जैसे खतरनाक मोड़ों पर ढलान कम कर तकनीकी सुधार किए जाएंगे। एनएचएआई की इस पहल से न केवल ब्लैक स्पॉट समाप्त होंगे, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आने की उम्मीद है और यात्रियों को सुरक्षित व सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।