
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे में इंजीनियरिंग विभाग से दूसरे विभागों में जाने के इच्छुक कर्मचारियों को राहत मिलने जा रही है।
रेलवे के 10 प्रतिशत इंटेक कोटे के तहत परिचालन, सीएंडडब्ल्यू, टीआरडी, एसएंडटी सहित अन्य विभागों में सहायक के रिक्त पद भरे जाएंगे।
इस संबंध में पश्चिम मध्य रेलवे मजदूर संघ के प्रतिनिधिमंडल की 27 अक्टूबर को महाप्रबंधक के साथ हुई चर्चा में अधिसूचना जारी करने पर सहमति बनी है। महाप्रबंधक ने 15 दिन के भीतर अधिसूचना जारी करने का आश्वासन दिया है।
संघ के बताया कि ग्रेड पे 1800 और 1900 में कार्यरत ट्रैकमैन, प्वाइंट्समैन, हेल्पर सहित अन्य कर्मचारी, जिन्होंने दूसरे स्टेशनों पर स्थानांतरण के लिए पंजीयन कराया है, उन्हें भी इसका लाभ मिलेगा।
ऐसे कर्मचारियों का स्थानांतरण एक महीने के भीतर करने पर सहमति बनी है। इससे एक हजार से अधिक रेल कर्मचारियों को लाभ मिलने की संभावना है।
पश्चिम मध्य रेलवे मजदूर संघ के मंडल अध्यक्ष संतोष यादव, मंडल सचिव एसएन शुक्ला, संयुक्त महामंत्री संदीप श्रोती सहित अन्य पदाधिकारियों ने इस निर्णय पर प्रसन्नता जताई। संघ ने इसे रेल कर्मचारियों के संघर्ष की जीत बताया है।