
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। डुमना रोड और जीरो डिग्री क्षेत्र में चलती कारों से स्टंट का मामला सामने आया है। शनिवार को सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में दो कारों में सवार युवक खतरनाक तरीके से स्टंट करते नजर आ रहे हैं।
युवक बारी-बारी से कार के तीन दरवाजों की खिड़कियों से आधे शरीर को बाहर निकालकर लटकते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान कार ड्राइवर गति बढ़ाते हुए वाहनों को सड़क पर लहरा रहे हैं।
एक अन्य युवक पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना रहा है। वीडियो के डुमना रोड और विजय नगर के जीरो डिग्री क्षेत्र के होने का दावा किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार डुमना रोड और जीरो डिग्री में आए दिन दोपहिया और चारपहिया वाहनों से स्टंट किए जाते हैं। स्टंट के साथ उनकी रील बनाकर इंटरनेट मीडिया पर भी डाली जाती है।ऐसे खतरनाक स्टंट के दौरान पहले भी हादसे हो चुके हैं, इसके बावजूद युवाओं में इसका चलन कम नहीं हो रहा।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया है। वीडियो जीरो डिग्री क्षेत्र का प्रतीत हो रहा है। संबंधित पुलिस अधिकारियों को वीडियो देकर युवकों की पहचान और जानकारी जुटाने के निर्देश दिए गए हैं। कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर युवकों का पता लगाया जा रहा है। मामले में आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
दूसरी ओर लार्डगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात दो बाइक की जोरदार भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई। भटौती के दुर्गा नगर निवासी शिवा चौधरी (26) शुक्रवार रात बाइक से जा रहा था। वह रानीताल चौक पहुंचा ही था कि सामने से आ रही बाइक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। दोनों वाहनों की आमने-सामने हुई तेज टक्कर में शिवा गंभीर रूप से घायल हो गया।
यह भी पढ़ें- भोपाल से नहीं आई एयर एंबुलेंस डिंडौरी, दिनभर इंतजार के बाद सड़क मार्ग से भेजा जबलपुर; हेलीपैड भी था तैयार