
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। फाॅर्म हाउस में शराब पार्टी के दौरान बंदूक से हवाई फायर करने का मामला सामने आया है। युवक ने फायरिंग का वीडियो भी इंस्टाग्राम पर अपलोड किया था।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच की और सोमवार रात फायर करने वाले युवक हरजोत खालसा के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर लिया।
पुलिस के अनुसार, ग्राम समाधि रोड पर बाबा डेयरी के पास स्थित एक फाॅर्म हाउस में दीपावली के दूसरे दिन यानि नौ नवंबर को शराब पार्टी आयोजित की गई थी।
पार्टी में गोरखपुर निवासी हरजोत खालसा भी पहुंचा था। उसके पास बंदूक थी। पार्टी के दौरान उसने बंदूक से हवाई फायर किए और इसका वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया।
सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। वीडियो और अन्य तथ्यों के आधार पर हवाई फायर करने वाले युवक की पहचान हरजोत खालसा के रूप में हुई। इसके बाद सोमवार रात उसके विरुद्ध एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में दीवार खोदकर ज्वेलर्स शाॅप में घुसे चोर, 20 तोला सोना और तीन किलो चांदी ले गए