
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। बंगाल की खाड़ी में बना गहरा अवदाब उत्तर आंध्र प्रदेश तट को पार कर पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से जबलपुर सहित पूर्वी मध्य प्रदेश में मौसम फिर बदल गया है।
मौसम विभाग ने अगले 24 से 48 घंटे में जबलपुर, रीवा, उमरिया, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा और सिवनी में भारी से अतिभारी बारिश का आरेंज अलर्ट जारी किया है। शनिवार को भी गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने की संभावना है।
विभाग के अनुसार गहरा अवदाब अगले 12 घंटे तक सक्रिय रहेगा, इसके बाद धीरे-धीरे कमजोर होगा। जिले में अब तक 798 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 370 मिमी कम है। शुक्रवार को सुबह से रात तक रुक-रुककर बारिश होती रही
सतना, मैहर, अमरपाटन और रामनगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह से तेज बारिश हुई। डिंडौरी, कटनी, जबलपुर, रीवा समेत अन्य जिलों में भी कभी रिमझिम तो कभी हल्की वर्षा होती रही।
सतना में लगातार बारिश से निचले इलाकों में जलभराव और नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने की भी स्थिति बन रही है। सतना में 24 घंटे में करीब 52 मिमी बारिश हुई है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में गणेश पंडाल के करंट ने ली छात्र की जान, 2 दिन से पोल में आ रहा था करंट