
Jabalpur Weather: जबलपुर, नईदुनिया प्रतिनिधि। लोगों को तपाने आमादा नौतपा पर तीसरे शनिवार को जहां मेघों ने पानी फेर दिया, तो आज सुबह से ही चटख धूप निकली है। बीच-बीच में कभी हल्के तो कभी मध्यम बादल भी आ रहे हैं लेकिन आज मौसम सुहाना बना हुआ है। शनिवार को जहां 45 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली आंधी ने शहर की सूरत बदल दी। कई जगह पेड़ धराशायी हो गए तो कई घरों के टीन शेड नुमा छप्पर उड़ गए। कार्यकमों के लिए लगाए टेंट भी अस्त-व्यस्त हो गए। आंधी के साथ ही गरज-चमक के साथ वर्षा का जो सिलसिला शुरू हुआ करीब एक घंटा तक जारी रहा। कभी तेज तो कभी मध्यम वर्षा होती रही। जबलपुर से लगे सिहोरा, बरगी सहित ग्रामीण अंचलों में वर्षा के साथ ओले भी गिरे। जबलपुर में करीब 14 मिलीमीटर यानी आधा इंच वर्षा दर्ज की गई। जिसके बाद आधे शहर में बिजली गुल हो गई जो आधी रात तक नहीं आई। कल देर रात तक लोग परेशान होते रहे, लेकिन आज मौसम खुल गया है।
अगले दो दिन तक मौसम ऐसा ही बने रहने की संभावना है। क्षेत्रीय मौसम कार्यालय के प्रभारी अधिकारी बीजू जॉन जैकब ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राजस्थान के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। राजस्थान से लेकर मध्य प्रदेश तक एक ट्रफ लाइन भी है जिसके प्रभाव से जबलपुर सहित पूर्वी मध्य प्रदेश में आगामी 24 घंटे में कहीं-कहीं गरज चमक के साथ वर्षा एवं तेज हवाओं की संभावना है। वहीं आज भी जबलपुर सहित संभाग के जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ छींटे पड़ सकते हैं। अधिकतम तापमान सामान्य से कम रहने की संभावना है।
बेमौसम वर्षा और ओलावृष्टि से तापमान भी तीन डिग्री तक गिर गया। शनिवार को अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री रहा जो सामान्य से चार डिग्री कम रहा। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 39.1 डिग्री वहीं न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री दर्ज किया गया था। वहीं गत वर्ष की बात करें तो आज के दिन अधिकतम तापमान 39.3 और न्यूनतम 26.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
सूर्योदय- 5:25
सूर्यास्त- 6:50
तापमान
अधिकतम- 38.4
न्यूनतम- 23.8
आर्दता- 45- 69
जबलपुर
दिनांक-अधिकतम - न्यूनतम
28 मई - 38.0 - 24.0
29 मई - 38.0 - 24.0
कटनी
28 मई- 41.8-30.9
29 मई- 41.4 -30.1
मंडला
28 मई- 38.0 -24.0
29 मई- 39.0 -24.0