
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र निवासी एक महिला ने गले में दर्द की शिकायत की तो पति ने गुस्से में आकर उसे जबरन नींद की गोलियां दी। महिला का आरोप है कि पति उसे शादी के बाद से ही दहेज की मांग करते हुए घर पर प्रताड़ित करता था।
सिविल लाइंस भसीन रेसीडेंसी निवासी आरती रजक (38) का विवाह वर्ष 2016 में झांसी के कलसी का बागीचा निवासी वीर सिंह बुंदेला से हुई थी। वीर सिंह जबलपुर में रेलवे में डिप्टी सीटीआइ है।
आरती का आरोप है कि शादी के बाद से पति दहेज का सामान नहीं लाने की बात कहकर उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। उसने पति पर जेठानी से अवैध संबंध होने का भी आरोप लगाया है। इस संबंध में पूछने पर पति ने उसके साथ मारपीट की।
आरोप है कि 29 जून की शाम को पति किसी महिला से फोन पर बात कर रहा था। पत्नी के पूछताछ करने पर विवाद हो गया। इसी दौरान गले में दर्द की शिकायत करने पर पति ने जबरन उसे नींद की गोलियां खिला दीं।
हालत बिगड़ने पर उसने डायल-112 पर सूचना दी। पुलिस के पहुंचने पर उसे रेलवे अस्पताल ले जाया गया, जहां से निजी अस्पताल रेफर किया गया। अगले दिन होश आने पर उसने अपने भाई को पूरी घटना बताई।
घर लौटने पर जेठ कुंवर सिंह बुंदेला और नंदोई संजय कुमार ने पुलिस में शिकायत करने पर धमकी दी। सिविल लाइंस पुलिस ने बुधवार को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।