
नईदुनिया न्यूज, जुन्नारदेव। डुंगरिया पुलिस चौकी अंतर्गत हिरदागढ़ स्थित वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड की साइडिंग रेलवे स्टेशन के पीछे 9 नवंबर की रात करीब लगभग 9 बजे मारपीट की सनसनीखेज घटना सामने आई है।यहां ड्यूटी पर तैनात सिक्योरिटी गार्ड एवं उसके साथियों के साथ कथित तौर पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला किए जाने का मामला सामने आया है।
बताया जा रहा है कि कार खड़ी करने की बात को लेकर शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गया। शिकायत के अनुसार, हिरदागढ़ निवासी 6 युवकों ने एकराय होकर मेहुल शर्मा एवं उसके भाई सोभिक शर्मा के साथ मारपीट की। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे सौरभ अहिरवार को भी निशाना बनाए जाने का आरोप है। घटना में तीनों घायल हुए हैं, जिनमें सोभिक शर्मा को गंभीर चोटें आने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय छिंदवाड़ा रेफर किया गया।
मामले में जातिसूचक गालियां देने, सार्वजनिक रूप से अपमानित करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी लगाए गए हैं।घटना में घायल मेहुल शर्मा एवं सोभिक शर्मा निवासी वार्ड क्रमांक 12 जुन्नारदेव तथा सौरभ अहिरवार निवासी वार्ड क्रमांक 1 पुरानी बस्ती जुन्नारदेव बताए गए हैं। मामले में पुलिस ने मोनू यदुवंशी, राज यदुवंशी, अनिल यदुवंशी, आदर्श अग्रवाल, ऋषभ ठाकुर एवं अयान खान, सभी निवासी हिरदागढ़ के विरुद्ध अपराध क्रमांक 456/2026 दर्ज किया है।
आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। घटना के बाद जुन्नारदेव पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा शिकायत में नामजद छह आरोपियों की तलाश की जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।