
जबलपुर। सत्तर के दशक के मशहूर कहानीकार और इस महादेश के वैज्ञानिक विकास के लिए समर्पित पत्रिका 'पहल' के संपादक ज्ञानरंजन को अखिल भारतीय 'ज्ञानगरिमा मानद अलंकरण' से सम्मानित किए जाने की घोषणा से संस्कारधानी गौरवान्वित हो गई। ऐसा इसलिए क्योंकि अर्से पहले इलाहाबाद से जबलपुर आकर बसे ज्ञानरंजन हमेशा के लिए जबलपुर के होकर रह गए। हालांकि यहां रहकर भी उनकी सृजनात्मक चेतना ने देश-दुनिया में न केवल उनका बल्कि इस शहर का नाम रोशन किया।
उल्लेखनीय है कि ज्ञानरंजन ने पचमढ़ी के नैसर्गिक सौंदर्य के बीच रची गई अपनी पहली कहानी 'दिवास्वप्नी' के जरिए साहित्यिक क्षेत्र में पदार्पण किया। कालांतर में उनकी रचना फेंस के इधर-उधर, पिता, घंटा और संबंध आदि ने उनका नाम समकालीन कहानीकारों के बीच फौलादी तरीके से स्थापित कर दिया। केदारनाथ सिंह, डॉ.विश्वनाथ त्रिपाठी व मधुसूदन आनंद जैसे वरिष्ठ साहित्यकारों की उच्चस्तरीय समिति ने ज्ञानरंजन का नाम इस सर्वश्रेष्ठ सम्मान के लिए चुना। 71 वर्ष की आयु में ज्ञानरंजन को उनके जीवट व्यक्तित्व और अद्वितीय कृतित्व का सर्वथा उचित मूल्यांकन करके यह गरिमा प्रदान की गई। इस सम्मान के तहत एक वर्ष तक प्रतिमाह 11 हजार रुपए की मानद राशि प्रदान की जाएगी। भारतीय ज्ञानपीठ के निदेशक लीलाधर मंडलोई ने बताया कि ज्ञानरंजन को उनके रामनगर अधारताल स्थित निवास में एक सादे किन्तु गरिमामय कार्यक्रम में अलंकरण अर्पित किया जाएगा।
...
ज्ञानरंजन विलक्षण कथा-शैली और भाषिक मुहावरों की निजता के लिए जाने जाते हैं। उनकी कहानियां आधुनिक जीवन की विडम्बनापूर्ण स्थितियों का प्रतिबिंब हैं। फेंस के इधर-उधर, यात्रा, क्षणजीवी, सपना नहीं, कबाड़खाना आदि उनकी प्रकाशित कृतियां हैं। पहल पत्रिका के संपादन के जरिए उन्होंने एक प्रतिमान दर्ज किया। लिहाजा, उन्हें यह अलंकरण प्रदान करके साहित्य-जगत स्वयं सम्मानित हुआ है।
-राजेन्द्र दानी, सह संपादक 'पहल'