झाबुआ में वाहन पलटने से 4 की मौत, जहर खाए व्यक्ति को अस्पताल ले जा रहे थे ग्रामीण
झाबुआ जिले के रायपुरिया में शुक्रवार रात एक तूफ़ान वाहन पलटने से चार लोगों की मौत हो गई और सात घायल हो गए। सभी धार जिले के झाई गांव के निवासी थे। ये लोग एक महिला को इलाज के लिए ले जा रहे थे। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
Publish Date: Sat, 12 Apr 2025 08:09:59 PM (IST)
Updated Date: Sat, 12 Apr 2025 08:13:03 PM (IST)
रायपुरिया थाना क्षेत्र के बोलासा घाट पर हुए हादसे में वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। (फोटो- नईदुनिया प्रतिनिधि)HighLights
- चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हुई।
- सात अन्य घायल, दो की हालत गंभीर बताई गई।
- घायल महिला को इलाज के लिए ले जाया जा रहा था।
नईदुनिया न्यूज, झाबुआ। झाबुआ जिले में शुक्रवार देर रात रायपुरिया थाने में बोलासा घाट पर एक तुफान वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। इस सड़क हादसे में चार यात्रियों की मौत हो गई। सात अन्य घायल हो गए। घायलों में से दो की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। उनको दाहोद रेफर किया है। हादसे के शिकार हुए सभी लोग धार जिले के झाई के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
पुलिस कर रही हादसे की जांच
- गौरतलब है कि 32 वर्षीय दरु हटीला ने जहरीली दवाई पी ली थी। उसको इलाज के लिए सभी ग्रामीण मिलकर सारंगी ले रहे थे। इसी बीच वाहन हादसे का शिकार हो गया। महिला भी नहीं बच पाई। मृतकों में झाई निवासी परमु हटिला उम्र 30 वर्ष, दरु हटिला, रैमा बाई उम्र 40 वर्ष, नानसिंह भाभर उम्र 45 वर्ष शामिल है।
हादसे के शिकार सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया है। घटना की जानकारी लगते ही पुलिस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को इलाज के लिए पेटलावद अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चारों शवों का पोस्टमार्टम होने के बाद शव परिजन के सुपुर्द कर दिए हैं।
इस संबंध में थाना प्रभारी श्रीराम बरड़े ने बताया कि चार लोगों की मृत्यु हुई है। अन्य घायलों का इलाज जारी है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।