Ratlam Jhabua Lok Sabha Election 2024: मनोज भदौरिया/भूपेंद्रसिंह गौर, नईदुनिया आलीराजपुर/ झाबुआ। मध्य प्रदेश की जिन सीटों पर कांग्रेस खुद को मुकाबले में मान रही थी, उनमें रतलाम संसदीय क्षेत्र भी शामिल था। संविधान, आरक्षण बचाने जैसे मुद्दे और शीर्ष नेता राहुल गांधी की सभा के सहारे कांग्रेस यह सीट जीतने की उम्मीद लगा रही थी। हालांकि आदिवासी मतदाताओं ने इन सबसे परे एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के चेहरे को ध्यान में रख भाजपा को यहां प्रचंड जनादेश दिया है।
कांग्रेस संसदीय क्षेत्र के आठ में सात विधानसभा क्षेत्रों में हारी है। उसके उम्मीदवार कांतिलाल भूरिया अपना गढ़ झाबुआ विधानसभा को भी नहीं बचा पाए। रतलाम संसदीय सीट पर भाजपा ने इस बार नए व महिला चेहरे को मौका दिया। सभी को चौंकाते हुए प्रदेश के वन व पर्यावरण मंत्री नागरसिंह चौहान की पत्नी तथा आलीराजपुर जिला पंचायत अध्यक्ष अनीता नागरसिंह चौहान को पार्टी ने उम्मीदवार बनाया।
कांग्रेस ने केंद्र में मंत्री रहे और पांच बार के सांसद कांतिलाल भूरिया को मैदान में उतारा। टिकट की घोषणा होने के साथ ही भाजपा संगठन यहां मैदान में सक्रिय हो गया था। इस सीट पर प्रदेश सरकार के तीन मंत्री चैतन्य कश्यप, निर्मला भूरिया और नागरसिंह चौहान भी पूरे समय सक्रिय रहे।
दूसरी ओर संगठनात्मक दृष्टि से कांग्रेस शुरू से ही कमजोर नजर आई। हालांकि कांग्रेस को उम्मीद थी कि झाबुआ, थांदला, जोबट और सैलाना जैसी सीटों पर जहां वह काफी मजबूत रही है, जनसमर्थन मिलेगा, मगर ऐसा नहीं हो सका।
कांग्रेस इन सीटों पर भी खासी पिछड़ गई। भाजपा संगठन की बूथ स्तर तक सक्रियता के अलावा यहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का लोकप्रिय चेहरा, केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं भाजपा की जीत का बड़ा कारण रहीं। मंगलवार को मतगणना प्रारंभ होने के बाद ऐसा कोई भी चरण नहीं रहा, जब कांग्रेस को थोड़ा भी खुश होने का अवसर मिले। चरण दर चरण भाजपा बढ़त बनाती रही और बड़ी जीत हासिल की।