-दामाद की कीटनाशक पीने से हुई थी मौत
-12 ग्रामीणों के खिलाफ एफआईआर दर्ज
झाबुआ। नईदुनिया प्रतिनिधि
जिले में प्रायः पारिवारिक विवादों के कारण नित नए मामले सामने आते हैं। अब जिला मुख्यालय से लगभग 25 किमी दूर स्थित ग्राम पाडलघाटी में ससुर के मकान में ही दामाद का अंतिम संस्कार करने का सनसनीखेज घटनाक्रम यहां हुआ है। ससुर से विवाद के बाद दामाद ने कीटनाशक पीकर आत्महत्या कर ली थी। दामाद की मृत्यु हो जाने के बाद उसके परिजनों ने घर ले जाने की बजाय ससुराल ले जाकर शव का अंतिम क्रियाकर्म कर दिया। शव के साथ मकान व उसमें रखा सामान भी भस्म हो गया। पुलिस ने 12 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
आपसी विवाद के कारण कहीं ना कहीं जिले के विकास पर भी असर पड़ रहा है। यहां अक्सर छोटी-छोटी बातों को लेकर उग्र झगड़े हो जाते है। एक बार झगड़े आरंभ होने के बाद फिर लगातार विवाद दोनों पक्षों में चलता रहता है। पारिवारिक विवाद यहां का आम विषय हो चुका है। इसी विवाद के चलते एक सनसनीखेज घटनाक्रम सामने आया है।
मोटरसायकिल नहीं लौटाई
पुलिस के अनुसार ग्राम सेमलिया निवासी दीवान पिता वेसिया परवाल की शादी पाडलघाटी में हुई थी। 15 दिन पहले ससुर भिलजी मकवाना से वह एक रिश्तेदार की मोटरसायकिल लेकर अपने घर आ गया। 30 अगस्त को ससुर ने मोबाइल करते हुए दामाद दीवान के समक्ष मोटरसायकिल नहीं लौटाने को लेकर नाराजगी व्यक्त की। ।
कीटनाशक पी लीया
31 अगस्त की शाम को दीवान ने कीटनाशक पी ली। पेटलावद के चिकित्सालय में उसे तत्काल उपचार के लिए ले जाया गया। गंभीर अवस्था में उसे ले जाया गया था। चिकित्सकों ने तत्काल दीवान को मृत घोषित कर दिया। इस घटना से उसके परिजन काफी आक्रोशित हो उठे। इस घटना के लिए उन्होंने दीवान के ससुराल वालों को जवाबदार माना।
इस तरह से बदला लिया
शुक्रवार की दोपहर को दीवान के परिजन उसका शव लेकर पाडलघाटी पहुंच गए। यहां दीवान के शव को उसके ससुर भिलजी के मकान में रख दिया गया। देखते ही देखते बदले की कार्रवाई करते हुए दीवान के परिजनों ने मकान के अंदर ही उसका शव जला दिया। शव के साथ मकान व उसमें रखा सामान भी जल गया। भिलजी ने कल्याणपुरा थाने पर इस मामले में एफआईआर दर्ज करवाई है।
12 ग्रामीणों को आरोपी बनाया
कल्याणपुरा थाना प्रभारी एमएल गौड़ ने बताया कि कीटनाशक पीने से दीवान की मृत्यु गुरुवार की रात को हो गई थी। शुक्रवार को उसके परिजन शव लेकर सीधे उसके ससुराल पाडलघाटी पहुंच गए। यहां ससुर के ही मकान में शव को जलाया गया। जिसमें शव के साथ मकान व सामान जल गया। 12 ग्रामीणों को इस मामले में आरोपी बनाया गया है। गिरफ्तारी के प्रयास जारी है।