आसान है पानी में आग लगाना, विज्ञान से है संभव
-शिक्षकों ने सीखे चमत्कारों के वैज्ञानिक तरीके, अब बच्चों को सिखाएंगे
झाबुआ। ब्यूरो
मंत्र शक्ति से पानी में आग लगाने वाले विज्ञान के सहारे लोगों को बेवकूफ बनाकर अंधविश्वास में धकेलते हैं। जबकि इसके पीछे कोई जादू या चमत्कार नहीं है। सिर्फ सोडियम धातू, चाकू, कपास, ब्लाटिंग पेपर के सहारे टब में भरे पानी में आग लगाई जा सकती है। करना कुछ नहीं है, सिर्फ सोडियक धातू को मिट्टी के तेल से बाहर निकालकर उसके छोटे-छोटे टुकड़े करके ब्लाटिंग पेपर पर सुखाना है। अब इन टुकड़ों को कपास में लपेटकर जैसे ही पानी से भरे टब में ये टुकड़े डालते हैं, ये जलने लगते हैं।
ऐसे और कई प्रयोगों के बारे में शिक्षकों को सिखाया गया। ये बताया गया कि आखिर कैसे विज्ञान का सहारा लेकर चमत्कार दिखाए जाते हैं। लेकिन लोग विज्ञान की समझ नहीं होने से इसे समझ नहीं पाते। शिक्षक यहां से सीखकर अब स्कूलों में बच्चों को जाकर सिखाएंगे, ताकि बच्चे अपने परिवार और गांव वालों को जागरुक कर सके। शुक्रवार को ये ट्रेनिंग बुनियादी स्कूल प्रशिक्षण केंद्र में दी गई। राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा मिशन के प्रभारी जीपी ओझा ने बताया, इससे न सिर्फ बच्चों का ज्ञानवर्धन होगा बल्कि जनसामान्य में व्याप्त अंधविश्वास भी दूर होगा। ये कार्यक्रम जादू नहीं विज्ञान है के तहत हो रहा है।
ये चमत्कार भी बताए
-फिनॉफ्थेलीन या थायमोलफिथलीन रंगहीन सूचकों के सहारे कोरी ड्राइंग शीट पर अक्षरों का उभर आना।
-पोटेशियम परमैंगनेट, ग्लिसरीन के सहारे हवन कुंड में आग लगाना, जिसमें पहले से कुछ भी नहीं हो।
-सोडियम धातु और ब्लाटिंग पेपर की मदद से नारियल की जटा में आग लगाना।
-फोटो से भभूत गिराने के लिए मरक्यूरिक क्लोराईड, एल्युमिनियम की फ्रेम वाली फोटो पर प्रयोग करके दिखाया।
-हवा में हाथ हिलाकर भभूत निकालने का तरीका बताया गया।
-नीबू काटने पर खून निकालने के लिए फेरिक क्लोराईड, अमोनियम थायोसायनेट या सोडियम थायोसायनेट का उपयोग करना।
-एक्वारेजिया से सोना साफ करने पर इसके वजन घटाने के रासायनिक प्रयोग को बताया गया।
-हथेली पर कपूर जलाना, रंगीन कपड़ा या फूल का रंग गायब करना, मानव कंकाल को पानी पिलाना, सूर्य को पानी चढ़ाकर उसे गायब करना, अंगारों पर चलने, भूमि समाधि लेने के बारे में भी जानकारी दी गई।