
नईदुनिया प्रतिनिधि, झाबुआ। पुलिस द्वारा महिलाओं के साथ होने वाले अपराधों एवं छेड़छाड़ की घटनाओं के विरुद्ध जीरो टालरेंस की नीति अपनाते हुए लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में इंटरनेट मीडिया पर महिला के साथ अभद्रता एवं छेड़छाड़ का वीडियो बहुप्रसारित होने के मामले में थाना थांदला क्षेत्र की चौकी खवासा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुल पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 03 विधि-विरुद्ध बालक शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार 09 अगस्त को झाबुआ पुलिस की इंटरनेट मीडिया मानिटरिंग के दौरान एक वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया। वीडियो में कुछ व्यक्ति एक महिला के साथ छेड़छाड़ एवं अभद्र व्यवहार करते हुए तथा अश्लील इशारे करते हुए दिखाई दे रहे थे। आरोपितों द्वारा उक्त घटना का वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया के माध्यम से वायरल किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक झाबुआ देवेंद्र पाटीदार द्वारा तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिपाल सिंह महोबिया एवं एसडीओपी थांदला राजेश सुलिया के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी अशोक कनेश के नेतृत्व में चौकी खवासा पुलिस द्वारा तत्काल जांच प्रारंभ की गई। फरियादिया की रिपोर्ट पर थाना थांदला में अपराध क्रमांक 469/26, धारा 74 एवं 296(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम द्वारा बहुप्रसारित वीडियो का बारीकी से विश्लेषण किया गया। वीडियो में दिखाई दे रहे व्यक्तियों के फोटो एवं अन्य उपलब्ध जानकारी के आधार पर उनकी पहचान करने के प्रयास किए गए। पुलिस द्वारा तकनीकी सहयोग के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर व्यापक जानकारी जुटाई गई। प्राप्त जानकारी एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।
पुलिस द्वारा कार्रवाई करते हुए प्रकरण में कुल पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें 03 विधि-विरुद्ध बालक हैं। इसमें दिनेश पुत्र रामचन्द्र राणा (19) निवासी ग्राम नाथपाड़ा,सेलिया पुत्र खुमचंद बारिया (21) निवासी बेडावा व तीन विधि-विरुद्ध बालक है।
यह भी पढ़ें- 13 साल की किशोरी को दिल्ली ले जाकर दुष्कर्म, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार