थांदला(नईदुनिया न्यूज)। नगर में एक समाजसेवी ने मानवता की मिसाल पेश की है, जिसकी प्रशंसा की जा रही है। गुरुवार तड़के सुबह तीन बजे बजरंगगढ़ के नजदीक एक व्यक्ति फास्ट ट्रेन से गिर गया था। इस व्यक्ति को थांदला इलाज के लिए सिविल अस्पताल लाया गया।
यहां पर डाक्टरों ने बताया कि इसकी रीढ़ की हड्डी टूट गई है। इसका नाम विनोद राही वीर निवासी चुरू बताया गया। विनोद के स्वजन भी अस्पताल आ गए थे। स्वजन विनोद को अपने साथ इलाज कराने के लिए सवाई माधोपुर ले जाना चाहते थे। चूंकि विनोद की रीढ़ की हड्डी टूट गई थी, इसलिए उसे एंबुलेंस में लेटाकर कर ले जाना पड़ा, इसका खर्च लगभग पंद्रह हजार आया।
इलाज के लिए पैसों की मदद की
विनोद का परिवार बहुत गरीब है। पिता ड्राइवर है और विनोद की शादी भी मई माह में हुई थी। जिससे घर की आर्थिक स्थिति बहुत खराब थी। घर की खराब आर्थिक स्थिति की वजह से स्वजन विनोद को एंबुलेंस से सवाई माधोपुर ले जाने के लिए परेशान हो रहे थे। विनोद के परिवार वालों की परेशानी की जानकारी सिविल अस्पताल में एंबुलेंस चलाने वाले अयूब छीपा ने नगर के समाजसेवी अजय सेठिया को दी। अजय सेठिया तुरंत सिविल अस्पताल थांदला पहुंचे तथा घायल विनोद को उसके स्वजनों के साथ घर पहुंचाने के लिए थांदला के समाजसेवियों को इंटरनेट मीडिया के माध्यम से विनोद के साथ हुए घटनाक्रम की जानकारी साझा कर विनोद के लिए एंबुलेंस के खर्चे में आ रहे पैसों के लिए गुहार लगाई।
जिसके बाद महज कुछ देर (45 मिनट) में ही विनोद के लिए एंबुलेंस में आ रहे 18 हजार के खर्च में आ रहे की राशि को इकट्ठा करा दिया। नगर की समाजसेवियों द्वारा महज कुछ मिनटों में दान कर विनोद की मदद की प्रशंसा की जा रही है। एंबुलेंस के खर्चे की राशि का इंतजाम होने के बाद विनोद को शनिवार को दोपहर 2 बजे के करीब थांदला अस्पताल से सवाई माधोपुर के लिए एंबुलेंस के द्वारा रवाना किया गया।
थांदला के समाजसेवी लोगों द्वारा की गई मदद पर विनोद के पिता ने सभी का आभार व धन्यवाद दिया।