
-जल प्रदूषण के कारण कलेक्टर ने दिए आदेश, कोर्ट में प्रकरण भी दर्ज-
झाबुआ-मेघनगर। जिले के औद्योगिक क्षेत्र मेघनगर की 8 इकाइयों में कलेक्टर ने काम बंद करवा दिया है। शनिवार को आदेश जारी करते हुए प्रभारी कलेक्टर अनुराग चौधरी ने मेघनगर और आसपास के क्षेत्र में इन केमिकल फैक्टिरयों के कारण जल प्रदूषण होने और मानव स्वास्थ्य को नुकसान होने के कारण ये रोक लगाई। कलेक्टर ने सभी 8 इकाइयों के प्रकरण कलेक्टर कोर्ट में दर्ज कर दिए। सभी को उपस्थित होने के लिए 20 तारीख का समय दिया गया है। ऐसा पहली बार हुआ है जब मेघनगर में आमजन के हित में इतना बड़ा निर्णय लिया गया हो। स्थानीय लोग वर्षों से जहरीले पानी और धुएं से मुक्ति के लिए प्रयास करते रहे हैं, लेकिन उनकी कभी सुनवाई नहीं हुई।
शनिवार को जारी आदेश में कलेक्टर ने लिखा कि औद्योगिक क्षेत्र मेघनगर में केमिकल उद्योगों से निकलने वाले प्रदूषित पानी के कारण आसपास के रहवासियों और ग्रामीणों को पीने का स्वच्छ जल नहीं मिल पा रहा है। इन केमिकल उद्योगों से होने वाला रिसाव आसपास के गांवों के कुओं, तालाबों व अन्य जलस्रोतों में जाकर मिल रहा है। इससे ये पानी भी केमिकलयुक्त और जहरीला हो रहा है। इससे रहवासी बीमार हो रहे हैं और मवेशी मर रहे हैं। आधी रात को इन उद्योगों से केमिकल युक्त जहरीला पानी और गैसें छोड़ी जा रही हैं। इस कारण लोगों के स्वास्थ्य पर बुरा असर हो रहा है। इस संबंध में लोगों से मिली शिकायतों को संज्ञान में लेते हुए कार्रवाई की गई। कार्यपलान यंत्री व कनिष्ठ वैज्ञानिक मप्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड मेघनगर, प्रभारी अधिकारी औद्योगिक केंद्र विकास निगम मेघनगर, महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र तथा पुलिस अधीक्षक की रिपोर्ट के आधार पर ये कार्रवाई की गई।
इन पर हुई कार्रवाई
1.अजयवीरसिंह, प्रो. ब्रोमोस इंटरप्राजइजेस एंड केमिकल, एचएन 1099 सेक्टर 69, एसएस मोहाली, प्लॉट क्रमांक एकेवीएन 191, औद्योगिक क्षेत्र मेघनगर।
2.ऑनर, मेसर्स हिया इंडस्ट्रीज, प्लॉट क्रमांक एकेवीएन 180-ए, औद्योगिक क्षेत्र मेघनगर।
3.जयंत के सिंघल, प्रो. मेसर्स अंजानिया इंडस्ट्रीज, प्लॉट क्रमांक 37 एकेवीएन सांई चौराहा, औद्योगिक क्षेत्र मेघनगर।
4.ऑनर, मेसर्स श्रीजी बॉटलिंग कंपनी, प्लॉट क्रमांक एकेवीएन 40, औद्योगिक क्षेत्र मेघनगर।
5.अरविंद के श्रीवास्तव, प्रो. मेसर्स ट्रेड केमिकल्स, ए-72, द्वितीय तल, अनूपनगर, एबी रोड इंदौर, औद्योगिक क्षेत्र मेघनगर।
6.रमाकांत सिंह, प्रो. मेसर्स अंकिता इंटरप्राइजेस, प्लॉट क्रमांक 63, एकेवीएन औद्योगिक क्षेत्र, मेघनगर।
7.अजीतसिंह राठौर, प्रो. मेसर्स मेघनगर फार्माकेम, गंगोत्री फार्म एंड नर्सरी कंपाउंड, नदेश्वरी चौकड़ी, एनएचए 8, बड़ौदा, एकेवीएन औद्योगिक क्षेत्र मेघनगर।
8.सलीम शेरानी, प्रो. मेसर्स ग्रोमोर इंटरप्राइजेस प्रायवेट लिमिटेड, एकेवीएन औद्योगिक क्षेत्र, मेघनगर।
डिस्पोजल के लिए बताना होगी कार्ययोजना
कलेक्टर ने अपने आदेश में साफ किया है कि क्षेत्र की नालियों में आंशिक रूप से केमिकल मिलने के कारण इन इकाइयों में उत्पादन बंद करने के निर्देश दिए गए। 14 दिन तक उन्हें उत्पादन बंद करना होगा और अपशिष्ट का निस्राव भी नहीं करेंगे। आदेश नहीं मानने पर भारतीय दंड संहिता के प्रावधानों के तहत इस आदेश को अंतिम कर दिया जाएगा। उद्योग मालिकों को नियत तारीख पर उपस्थित होकर अपशिष्ट पदार्थों और केमिकलयुक्त पानी के रिसाव को रोकने व इनके डिस्पोजल के लिए विस्तृत कार्ययोजना और उपाय प्रस्तुत करना होगा।