
नईदुनिया प्रतिनिधि, झाबुआ। कालीदेवी थाना क्षेत्र में रविवार को हादसे में सुनार नदी में डूबने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान रूपसिंह पिता पेमला भूरिया, उम्र 50 वर्ष के रूप में हुई है। हादसा कालीदेवी से करीब 5 किलोमीटर दूर छापरी-हात्यादेहली मार्ग पर हुआ।
जानकारी के अनुसार रूपसिंह रविवार सुबह अपने घर से निकले थे। इसके बाद वे सुनार नदी में कैसे पहुंचे और किस परिस्थितियों में नदी में डूबे, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। रास्ते से गुजर रहे लोगों की नजर नदी में पड़े शव पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने तत्काल परिजनों और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कालीदेवी पुलिस एवं डायल 112 (एफआरवी-4) की टीम मौके पर पहुंची।
यह भी पढ़ें- उज्जैन में भारी बारिश के कारण शिप्रा नदी का जलस्तर बढ़ा, राम घाट के किनारे स्थित कई मंदिर पानी में डूबे
पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए कालीदेवी स्वास्थ्य केंद्र, रामा भेजा है। प्रथम दृष्टया मौत नदी में डूबने से होना सामने आया है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम का माहौल है।