
नईदुनिया न्यूज, पेटलावद। बिहार के पटना निवासी मोनू राज चौहान ने मां के स्वस्थ होने के एक अनूठे संकल्प को पूरा करने के लिए देशभर की कठिन धार्मिक यात्रा दौड़कर शुरू की है। शुक्रवार दोपहर मोनू 9 हजार किमी का सफर तय कर पेटलावद पहुंचे तो उन्हें देखने युवाओं की भारी भीड़ उमड़ी और माता-बहनों ने भी पहुंचकर उनका अभिनंदन किया। उनकी एक झलक पाने के लिए हाईवे पर गुजरने वाले वाहनों की रफ्तार भी कुछ देर के लिए थम गई।
उज्जैन के महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन करने के बाद वह बदनावर पहुंचे, जहां उन्होंने बैजनाथ महादेव के दर्शन किए और इसके पश्चात पेटलावद होते हुए गुजरात स्थित सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के लिए रवाना हुए।
कुछ साल पहले जब मोनू की मां की तबीयत लगातार बिगड़ने लगी और लंबे इलाज के बाद भी उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ, तो परिवार को कई बार अस्पताल के चक्कर काटने पड़े। अपनी मां के स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करते हुए मोनू ने दौड़कर देश के 12 ज्योतिर्लिंगों और चारधाम के दर्शन करने का संकल्प लिया था।
यह भी पढ़ें- Kedarnath Jyotirlinga: केदारनाथ धाम के इन रहस्यों से शायद अब तक रहे होंगे अनजान, पढ़िए पूरी कहानी
इस कठिन यात्रा के तहत वह अब तक 12 में से 8 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन कर चुके हैं। मोनू रोजाना 40 से 50 किलोमीटर की दूरी तय करते हैं। जिनका हौसला बढ़ाने के लिए उनके साथ 13 वर्षीय भांजे आयुष और 20 वर्षीय आकाश दोपहिया वाहन से चलते हैं जो जरूरी सामान और व्यवस्थाओं में मदद करते हैं। रास्ते में विभिन्न शहरों और गांवों के लोग उनके ठहरने और भोजन की व्यवस्था कर रहे हैं।