
नईदुनिया प्रतिनिधि, झाबुआ। जिले के थांदला से कांग्रेस विधायक वीर सिंह भूरिया लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी अनिता चौहान और उनके पति कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान पर आपत्तिजनक टिप्पणी की। इसका वीडियो बुधवार सुबह बहुप्रसारित हुआ। इसमें थांदला क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एक बैठक के दौरान विधायक भूरिया भाजपा प्रत्याशी और उनके पति को चोर-डाकू कहते हुए संबोधित कर रहे हैं। भाजपा द्वारा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को लुभाने पर हाथ काट देने के भी बोल इस वीडियो में सुनाई दे रहे हैं। इस दौरान कांग्रेस के लोकसभा उम्मीदवार कांतिलाल भूरिया भी मौजूद थे।
इससे पहले वीडियो बहुप्रसारित होते ही भाजपा ने कांग्रेस को आड़े हाथ लिया। भाजपा ने विधायक वीर सिंह भूरिया की ओर से की गई टिप्पणी पर आपत्ति दर्ज कराते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी से कार्रवाई की मांग को लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पीएस कुर्वे को ज्ञापन दिया।
वहीं, प्रेसवार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष भानू भूरिया ने कहा कि कांग्रेस हमेशा महिलाओं पर आपत्तिजनक टिप्पणियां करती आ रही हैं। पार्टी के जनजातीय मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कलसिंह भाबर ने कहा कि विधायक भूरिया द्वारा यह समाज को भड़काने के साथ-साथ तोड़ने की टिप्पणी की है।
भूरिया ने दी सफाई- वीडियो से छेड़छाड़
विधायक वीर सिंह भूरिया ने मेघनगर में प्रेसवार्ता में कहा कि वीडियो छेड़छाड़ व काट-छांटकर बनाया गया है। सार्वजनिक जीवन के इतने वर्षों में मेरी ऐसी कोई भावना आज तक नहीं रही है, हम सब आदिवासी एक हैं। आपस में विवाद पैदा करने की कोशिश विरोधी दल कर रहा है। इस पूरे विवाद से जिन लोगों की भावना आहत हुई है, उस पर मैं खेद व्यक्त करता हूं।