झाबुआ (नईदुनिया प्रतिनिधि)। संस्कार भारती की झाबुआ इकाई द्वारा भारतीय संस्कृति तथा परंपरा को बढ़ावा देने व शहर के बालक-बालिकाओं की छुपी हुई प्रतिभाओं को निखारने के उद्देश्य से गुरूवार को शहर के मध्य राजवाड़ा पर रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला बाल कल्याण समिति (न्याय पीठ) के वरिष्ठ सदस्य यशवंत भंडारी, श्वेतांबर जैन समाज के श्रावक रत्न तथा श्रीसंघ के पूर्व व्यवस्थापक धर्मचन्द मेहता, संस्कार भारती संस्था के वरिष्ठ मार्गदर्शक पं. गणेशप्रसाद उपाध्याय और विद्वान रमेश शर्मा उपस्थित थे।
संस्कार भारती अध्यक्ष प्रदीप ओएल जैन तथा महामंत्री स्मृति भट्ट ने बताया कि प्रतियोगिया में झाबुआ शहर के कुल 15 प्रतिभागियों ने सहभागिता की। प्रतियोगियों ने राजवाड़ा पर निर्धारित किए गए अपने-अपने स्थान पर आकर्षक रांगोलियां बनाकर अतिथियों की दाद बटोरी। मुख्य रंगोली का निर्माण दिपांशी कटारा ने राजवाड़ा मंच के बीच में करते हुए 19 नवंबर को वीरांगना झांसी की रानी लक्ष्मीबाई की जयंती होने से उनकी सुंदर रंगोली उकेरी, जिसे काफी सराहना मिली। इसके अलावा नेचुरल रंगोली और तरह-तरह की रंगोली प्रतियोगियों ने प्रतिभागियों ने बनाई।
मां सरस्वती तथा शास्त्रों की पूजा की
आयोजन स्थल पर मंच पर मां सरस्वतीजी, भागवत गीता और रामायणजी ग्रंथ विराजमान कर विधि-विधान से इनका पूजन यशवंत भंडारी, धर्मचन्द मेहता, पं. गणेशप्रसाद उपाध्याय, जनार्दन शुक्ला, पं. रमेश शर्मा आदि अतिथियों ने किया। प्रतियोगिता तथा पूजन की व्यवस्था में विशेष सहयोग अध्यक्ष जैन, महामंत्री भट्ट के साथ संगठन मंत्री रविराजसिंह राठौर, वचना परमार, मीडिया प्रभारी दौलत गोलानी, पं. जैमिनी शुक्ला, वर्षा शुक्ला आदि का रहा।
पुरस्कार प्रदान किए गए
प्रतियोगिता तथा ज्ञान पूजन के बाद अतिथियों द्वारा विजेता बालक-बालिकाओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। यह पुरस्कार इनरव्हील क्लब 'मेन' की संस्थापक ज्योति रांका, अर्चना सिसौदिया, वीणा कटारिया की ओर से अतिथियों व संस्कार भारती के पदाधिकारी-सदस्यों ने प्रतियोगियों को दिए। प्रतियोगिता दो वर्गों जूनियर तथा सीनियर वर्ग में रखी। जूनियर वर्ग में प्रथम कुमकुम सोनी, द्वितीय आयुशी कटारा तथा तृतीय आभा कटारा रही। वहीं सीनियर वर्ग में प्रथम विधि ठाकुर (पंवार), द्वितीय जूही कोरानवे तथा तृतीय स्थान निधि सारोलकर ने प्राप्त किया। इसके अलावा बेस्ट रंगोली पुरस्कार झांसी की रानी की रंगोली बनाने पर दिपांशी कटारा को प्रदान किया गया। इसके साथ ही सभी प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार के रूप में प्रमाण-पत्र संस्कार भारती संस्था की ओर से प्रदान किए गए। कार्यक्रम का संचालन संस्था अध्यक्ष प्रदीप जैन ने किया। आभार मातृ शक्ति प्रमुख प्रिया सारोलकर ने माना।