
नईदुनिया प्रतिनिधि, झाबुआ। दाहोद शहर में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी और बिक्री के खिलाफ एंटी नारकोटिक्स विंग ने बड़ी कार्रवाई की है। टाउन ए डिवीजन पुलिस थाना क्षेत्र के भगिनी समाज स्थित बिरसा मुंडा सर्कल के पास से पुलिस ने मध्य प्रदेश की एक महिला को 8.945 किलोग्राम अफीम के डोडे पोस डोडा चूरा के साथ गिरफ्तार किया है।
पंचमहाल रेंज की डीआईजी विधि चौधरी और दाहोद जिला पुलिस अधीक्षक रविराजसिंह जाडेजा के निर्देश पर नशीले पदार्थों की अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही थी। इसी दौरान एएनडब्ल्यू के पीआई जीजे गामित के मार्गदर्शन में टीम पेट्रोलिंग पर थी।
पेट्रोलिंग के दौरान लोक रक्षक अजाभाई गणेशभाई को सूचना मिली कि मध्य प्रदेश के झाबुआ क्षेत्र से एक महिला मादक पदार्थों का जखीरा लेकर दाहोद आ रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पंचों को साथ लेकर बिरसा मुंडा सर्कल के पास निगरानी रखी।
इस दौरान संदिग्ध अवस्था में मिली कमलीबेन राठौड़ की तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद थैलों से वनस्पति पदार्थ बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर एफएसएल अधिकारी को बुलाकर पदार्थ की प्राथमिक जांच कराई। जांच में बरामद पदार्थ अफीम के डोडे (पोस्तदाना) होने की पुष्टि हुई।
पुलिस ने आरोपी कमलीबेन, पत्नी लाखिया उर्फ लक्ष्मणभाई मेघाजीभाई राठौड़, उम्र 48 वर्ष, निवासी कल्याणपुरा, अंबिका चौक, तहसील एवं जिला झाबुआ, मध्यप्रदेश के कब्जे से 8.945 किलोग्राम पोस्तदाना, जिसकी अनुमानित कीमत 1,34,175 रुपये तथा 500 कीमत का एक मोबाइल फोन जब्त किया है। इस प्रकार पुलिस ने कुल 1,34,675 रुपये का मुद्देमाल बरामद किया है।
मामले में दाहोद टाउन ए डिवीजन पुलिस थाने में आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था।
यह भी पढ़ें- MP पुलिस के माल खाने से डोडा चूरा के 12 बैग गायब... शिवपुरी में TI समेत 3 पुलिसकर्मी लाइन अटैच,