
-धानीघाटी में कंजर सुधार समिति द्वारा आयोजित हुआ जनसंवाद कार्यक्रम
-एसपी, एएसपी, एसडीओपी सहित अन्य पुलिस अफसर हुए शामिल
हाटपीपल्या/चिड़ावद। अपराध में लिप्त रहने वाले कंजर समाज के लोग अब इससे तौबा करने लगे हैं। कंजर समाज सुधार समिति और पुलिस प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से लोग अब समाज की मुख्य धारा में शामिल हो रहे हैं। बुधवार को धानी घाटी में कंजर सुधार समिति द्वारा आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में यह बाते हुईं। पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में कंजर समाज के 10 युवकों ने अपराध से दूर रहने का संकल्प लिया।
कंजर सुधार समिति के जिला अध्यक्ष नरेंद्र गोदेंन ने बताया की समाज के 80 प्रतिशत लोग अपराध छोड़ कर खेती बाड़ी और धंधा कर रहे है, लेकिन बचे हुए लोगों के कारण पूरा जिला बदनाम है। पुलिस व समाज के लोग मिलकर जिला अपराध मुक्त कर सकते हैं। पुलिस अधीक्षक शशिकांत शुक्ला ने कंजर समाज को मुख्य धारा में जुड़ने की बात कही। उन्होंने कहा कि जितने भी अपराधी हैं वे समझाइश से सुधर जाएं तो अच्छा, बाकी को कार्रवाई कर सुधारने का प्रयास करेंगे। कंजर समाज के लोग मेहनती होते हैं, कट्टरता का उपयोग अच्छे कामों में करें। एडिशनल एसपी राजेश रघुवंशी ने कहा कि कंजर बहादुर कौम हैं फिर चोरी या अन्य अपराध करना अच्छी बात नहीं। कंजर समाज के सत्यनारायण झाला, राजकुमार झांजा, पूर्व जनपद अध्यक्ष कौशल्या झांजा ने भी अपनी बात रखी। एसडीओपी संजीव पाठक, हाटपीपल्या थाना प्रभारी डीपी अहिरवार, चौकी प्रभारी फूलचंद दुबे, भौंरासा टीआई शैलजा भदौरिया ने कहा कि निर्दोष परेशान नहीं होंगे। इस मौके पर दिनेश झांजा, पूर्व जनपद सदस्य बागली, मणिशंकर झाला, हरी पांदा, नारायण सेठ, सरपंच रामगोपाल पटेल, एडवोकेट संदीप नागर, एडवोकेट तुलसीराम, एडवोकेट महेश झांजा, बीनताबाई, धर्मसिंह मौजूद थे। संचालन वारिस अली व नरेंद्र गोदेंन ने किया। आभार ग्राम समिति अध्यक्ष राजकुमार झाला व अंत पटेल ने माना।
महिलाओं की भूमिका महत्वपूर्ण
एसडीओपी संजीवकुमार पाठक ने बताया कि एसपी शुक्ला ने कंजर समाज के छोटे बच्चों को शिक्षा से जोड़ने तथा नवयुवकों में आपराधिक प्रवृत्ति को पनपने से रोकने में परिवार की महिलाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। महिलाओं से परिवार के पुरुषों पर अंकुश लगाने के लिए प्रेरित किया। विशेष तौर पर बुलाई गई महिला पुलिस अधिकारियों को समाज की महिलाओं से सतत् संपर्क बनाकर उनकी समस्याओं का निराकरण करने के निर्देश दिए। पाठक ने बताया कि कंजर समस्या के समाधान हेतु कंजर उत्थान समितियों का पुर्नगठन करवाकर इसके माध्यम से दौलतपुर, भौंरासा व चिड़ावद में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित करवाए हैं। इसी श्रृंखला में धानीघाटी में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। कंजर समाज के लोगो ने अपनी समस्याएं भी बताई।-निप्र