Mp Election 2023 Results : नई दुनिया प्रतिनिधि, कटनी। जिले की तीन विधानसभा में पिछले चुनाव में भाजपा के प्रत्याशी जीते थे जबकि बड़वारा में कांग्रेस के विधायक ने जीत दर्ज की थी। रविवार को जिले की चारों विधानसभाओं में भाजपा की बढ़त सुबह से शुरू हुई तो शाम तक तीनों विधानसभा के साथ बड़वारा सीट भी भाजपा ने कांग्रेस से छीन ली। जिले की मुड़वारा, बड़वारा, विजयराघवगढ़ और बहोरीबंद विधानसभा में भाजपा के प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की। जिले में सबसे बड़ी जीत बड़वारा से भाजपा प्रत्याशी धीरेन्द्र सिंह की रही।
धीरेन्द्र सिंह ने 50 हजार से अधिक मतों से रिकार्ड दर्ज करते हुए पार्टी का परचम लहराया। विजयराघवगढ़ से भाजपा के रसूखदार नेताओं में शामिल संजय सत्येन्द्र पाठक ने जीत दर्ज की तो वहीं मुड़वारा से भाजपा के संदीप जायसवाल जीते। बहोरीबंद विधानसभा से भाजपा के प्रणय पांडेय ने जीत दर्ज की। सभी विधानसभाओं में भाजपा के जीत दर्ज करने के साथ ही कार्यकर्ताओं का हुजूम मंडी गेट पर एकत्र होने लगा और देर शाम मंडी से ढोल-नगाड़ों, नारों के बीच नाचते गाते कार्यकर्ता प्रत्याशियों के सहित शहर में जुलूस के रूप में पहुंचे।
जिले की बड़वारा विधानसभा में जीत का अंतर सर्वाधिक रहा। यहां से भाजपा के धीरेन्द्र सिंह ने कांग्रेस के प्रत्याशी विजयराघवेन्द्र सिंह उर्फ बसंत सिंह को 50 हजार 993 मतों के अंतर से पराजित किया। धीरेन्द्र को एक लाख 12 हजार 916 मत मिले, जबकि विजयराघवेन्द्र को 61 हजार 923 मत मिल पाए। विजयराघवेन्द्र पिछली विधानसभा में कांग्रेस के जिले के एकलौऐ विधायक थे।
विजयराघवगढ़ में भाजपा प्रत्याशी संजय सत्येन्द्र पाठक को 98 हजार 10 मत मिले और उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के नीरज सिंह बघेल को 73 हजार 664 मत मिले। यहां हार-जीत का अंतर 24 हजार 346 रहा। मुड़वारा विधानसभा में भाजपा के संदीप जायसवाल ने जीत दर्ज की। उनको 87 हजार 32 मत मिले, जबकि कांग्रेस के मिथलेश जैन को 62 हजार 594 मत मिले। बहोरीबंद में भाजपा के प्रणय पांडेय ने 94 हजार 817 मत प्राप्त कर कांग्रेस के सौरभ सिंह को 23 हजार 622 मतों से पराजित किया। सौरभ सिंह को 71 हजार 119 वोट मिले।
जिले की चारों विधानसभाओं में सुबह से शुरू हुई गणना के बाद एक भी चक्र में कांग्रेस के प्रत्याशी आगे नहीं रहे। मुड़वारा, बड़वारा, विजयराघवगढ़ और बहोरीबंद में 20 से 22 चक्र तक गणना हुई और हर चक्र में सामने आए परिणामों में भाजपा के प्रत्याशियों ने बढ़त हासिल की तो फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा। पहले चक्र से लेकर अंतिम चक्र तक चारों विधानसभा में भाजपा की बढ़त बनी रही।
बड़वारा के भाजपा ने प्रत्याशी ने पहले ही चक्र में लगभग 2500 की बढ़त हासिल की और उनके जीत का अंतर 50 हजार से अधिक होने तक चला। शुरूआती दौर में मुड़वारा से भाजपा व कांग्रेस प्रत्याशी के बीच मतों का अंतर बहुत कम रहा और कांटे की टक्कर मानी जा रही थी लेकिन चौथे राउंड तक दोनों के बीच मतों का अंतर बढ़ा तो आखिरी तक नहीं रुका। बहोरीबंद व विजयराघवगढ़ में भी हर चक्र में भाजपा के प्रत्याशी बढ़त बनाए रहे।
मंडी परिसर में गणना स्थल में चारों विधानसभाओं की जैसे-जैसे गणना बढ़ती गई भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह भी बढ़ता गया। हर चक्र के बाद मिलने वाली बढ़त में कार्यकर्ता जयकारे लगाकर खुशी जाहिर करते रहे। सुबह से मौसम सर्द बना हुआ था और दोपहर 12 बजे तक जैसे ही जिले और प्रदेश के रूझान आने शुरू हुए भाजपा कार्यकर्ताओं की भीड़ भी मंडी गेट में बढ़ने लगी। शाम होते तक मंडी गेट से लेकर साईं मंदिर तक का एक किलोमीटर से अधिक लंबा मार्ग कार्यकर्ताओं से भर गया। वहीं कांग्रेस के कार्यकर्ता निराश होकर दोपहर बाद से लौटना शुरू हो गए।
मंडी परिसर के पास बने बारातघरों व होटल में भाजपा प्रत्याशियों ने कार्यकर्ताओं के बैठने की व्यवस्था की थी। उन्हीं स्थलों पर भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी और प्रत्याशी बैठकर अपने-अपने क्षेत्रों के रूझान लेते रहे। जैसे-जैसे उनकी बढ़त हुई और जीत की ओर अग्रसर हुए तो उसके बाद वे मतगणना स्थल पर पहुंचे। सबसे पहले विजयराघवगढ़ से प्रत्याशी संजय पाठक अपने समर्थकों के साथ गणना स्थल पर पहुंचे।
संजय पाठक ने मीडिया से चर्चा के दौरान जिले और प्रदेश में भाजपा को मिले बहुमत को लेकर कहा कि पार्टी की कुशल रणनीति और लाड़ली बहनों का आशीर्वाद प्रदेश भर में मिला है। उन्होंने कहा कि जनता के हित में बनाई गई योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और कोरोना जैसी गंभीर बीमारी के दौरान प्रदेश व केन्द्र की सरकार ने जो सेवा जनता कि की थी, उसका प्रतिफल जनता ने पार्टी को दिया है। उनके साथ ही बड़वारा प्रत्याशी धीरेन्द्र सिंह और बहोरीबंद प्रत्याशी प्रणय पांडेय भी पहुंचे। सबसे अंत में मुड़वारा प्रत्याशी संदीप जायसवाल मतगणना पूरी होने के बाद गणना स्थल पर समर्थकों के साथ पहुंचे।
शाम को छह बजे के बाद मतगणना का कार्य पूरा हुआ। उसके बाद मिलान करते हुए विजयी भाजपा के सभी प्रत्याशियों को कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अवि प्रसाद ने प्रमाण पत्र भेंट किए। जिले के चारों नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को प्रमाण पत्र मिलने के बाद वे समर्थकों के साथ जीत की खुशी मनाते हुए बाहर निकले और मंडी गेट से जुलूस के रूप में शहर की ओर रवाना हुए। प्रमाण पत्र वितरण के दौरान पुलिस अधीक्षक अभिजीत रंजन सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद थे।
कहां कौन कितने मतों से जीता
विधानसभा विजयराघवगढ़
संजय पाठक भाजपा- 98010
नीरज बघेल कांग्रेस- 73664
जीत अंतर- 24346
------------------
विधानसभा बहोरीबंद
प्रणय पांडेय भाजपा- 94817
सौरभ सिंह कांग्रेस- 71119
जीत अंतर- 23822
-----------------
विधानसभा बड़वारा
धीरेन्द्र सिंह भाजपा- 112916
विजयराघवेन्द्र सिंह कांग्रेस- 61923
जीत अंतर- 50993
-------------------
विधानसभा मुड़वारा
संदीप जायसवाल भाजपा- 87032
मिथलेश जैन कांग्रेस- 62594
जीत अंतर- 24438
-----------------------