
कटनी। उमरिया जिले के बांधवगढ़ के बफर जोन रोहनिया गांव के जंगल में एक बाघ का तीन दिन पुराना शव मिला है। बुधवार दोपहर ग्रामीणों ने बाघ को मृत अवस्था में देखा और वन विभाग को सूचना दी।
वन विभाग की टीम ने जहां पर बाघ मृत पड़ा हुआ है वहां पर तार की फेसिंग से सुरक्षा घेरा बनाते हुए घटनास्थल को सुरक्षित कर दिया है। साथ ही वन विभाग के कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए ड्यूटी भी लगाई गई। बुधवार को बांधवगढ़ से विशेषज्ञों की टीम और डॉग स्क्वॉड को बुलाया गया है।
विशेषज्ञों की टीम की जांच के बाद मृत बाघ के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि बाघ की मौत तीन से चार दिन पहले हो चुकी है। आशंका यह भी बताई जा रही है कि बाघ का करंट लगाकर शिकार किया गया है। पोस्टमार्टम होने और रिपोर्ट के आने के बाद ही बाघ की मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।