
Katni News : नईदुनिया प्रतिनिधि, कटनी। हवाला मामले को लेकर पूरे प्रदेश भर में चर्चा में रहा कटनी जिला एक बार फिर से एक बैंक में खोले गए खातों में करोड़ों रूपए के लेनदेन के मामले में चर्चा में आ गया है। कोतवाली थाना क्षेत्र के माईनदी क्षेत्र में संचालित सूर्याेदय स्माल फाइनेंस बैंक में युवकों के 15 खाते हैं, जिनको बोगस मानकर जांच की जा रही है। जिन युवकों के नाम से खाते हैं, उनको ही पता ही नहीं कि उनके नाम से खातों में लाखों रूपए का लेनदेन हुआ है। शिकायत सामने आने के बाद अब पुलिस अधीक्षक खुद अपनी निगरानी में साइबर सेल के माध्यम से मामले की जांच करा रहे हैं कि लाखों रूपए का लेनदेन किसने किया और इसके पीछे कौन है।
खातों में से 50 लाख से लेकर 80 लाख तक का लेनदेन पिछले लगभग एक माह में किया गया है। मामले में हवाला का पैसा होने का भी अंदेशा है। बताया जाता है कि सर्वोदय स्माल बैंक के वरिष्ठ कार्यालय को कुछ खातों के माध्यम से करोड़ों रूपए का लेनदेन हुआ है। वरिष्ठ कार्यालय ने इसकी सूचना कटनी कार्यालय को देकर जांच कराई तो सच सामने आया। खोले गए खाते माधवनगर थाना क्षेत्र की निवार चौकी अंतर्गत आने वाले गैंतरा गांव के बेरोजगार युवकों के नाम पर हैं।
बैंक के अधिकारियों ने युवकों से जानकारी ली तो उनके भी होश उड़ गए। बताया जाता है कि मामले की शिकायत युवकों में से कुछ लोगों ने साइबर सेल के माध्यम से पुलिस अधीक्षक अभिजीत रंजन को दी थी और उसके बाद पुलिस अधीक्षक अपनी निगरानी में मामले की सूक्ष्म जांच करा रहे हैं। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि बैंक में खाते किसके माध्यम से खोले गए और खाता खोले गए तो दस्तावेजों की जांच, आधार वेरीफिकेशन कैसे हुआ है। साथ ही खातों से यूपीआइ के माध्यम से राशि का लेनदेन होने की बात सामने आ रही है तो किस तरह से करोड़ों की राशि का यहां से वहां की गई और किन खातों में भेजी गई है।
सूर्योदय स्माल फाइनेंस बैंक के खातों में लाखों रूपए के लेनदेन की शिकायत आई है। मामले में खुद की निगरानी में जांच करा रहे हैं। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उस आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अभिजीत रंजन, पुलिस अधीक्षक कटनी।