कटनी। निर्दोष मनोरंजन के लिए ऐसा चमत्कारिक प्रदर्शन जिसमें प्राकृतिक नियम टूटते हैं वही जादू है। जादू दृष्टि भ्रम है। जादू में हिप्नोटिज्म (सम्मोहन) का अहम योगदान है। हिप्नोटिज्म करने से ही दृष्टि भ्रम पैदा होता है, फिर जो जादूगर बताता है वही लोगों को दिखता है। करीब 36 देशों में जादू के शो कर चुके जबलपुर निवासी मशहूर जादूगर आनंद ने बताया कि जादू सिर्फ हाथ की सफाई नहीं। हाथ की सफाई उसी में हो सकती है जो हाथ में आ जाए, लेकिन हाथी गायब कर देना तो हाथ की सफाई से बड़ा जादू है। हम जो दिखाना चाहते हैं आप वही देखते हैं उसी को दृष्टि भ्रम कहते हैं। यह जानकारी जादूगर आनंद ने बुधवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में दी।
36 देशों में कर चुके शो
जादूगर आनंद ने कहा कि वर्तमान में ढाई घंटे तक लोगों को रोकना मुश्किल काम है। हमारा दायित्व बढ़ जाता है कि लोगों को ऐसा शो दिखाया जाए, जिससे उनका मनोरंजन हो सके। उन्होंने बताया कि अब तक वे 36 देशों में शो कर चुके हैं। जादूगर आनंद ने कहा कि जब कोई कार्य पूरी निष्ठा, ईमानदारी और लगन से किया जाता है तो उसके परिणाम चमत्कारिक होते हैं। हमारा जादू कोई दैविक चमत्मकार नहीं है। यह बस जादू है जो साधना और सीखने से आता है। वे सात वर्ष की उम्र से जादू कर रहे हैं उनकी जिद थी कि वे जादूगर बने और आज जादूगर की हैसियत से ही बात कर रहा हूं। दूसरे देशों में शो जब करते हैं तालियां बजती है तो खुशी मिलती है अपने देश का नाम हो रहा है।
आचार्य रजनीश से सीखा सम्मोहन
जादूगर आनंद ने बताया कि उन्होंने सम्मोहन विद्या आर्चाय रजनीश ओशो से सीखी है वे ही उनके गुरु और मित्र थे। काफी समय तक आचार्य रजनीश ओशो के साथ में रहा हूं। उन्होंने कहा कि हमारे देश की विरासत है जादू, लेकिन अब यह खत्म होता जा रहा है। जरूरत है कि देश में इसके लिए मैजिक अकादमी सरकार द्वारा खोला जाए, ताकि हमारी विरासत खत्म नहीं हो।
जादू की किताब विचित्र किंतु सत्य
अपनी विरासत के सवाल में उन्होंने जवाब दिया कि उनके बाद जादू के शो उनका बेटा जूनियर आनंद दिखाएगा। जूनियर आनंद विश्व की जादू की किताब विचित्र किंतु सत्य में स्थान बना चुका है। जादूगर आनंद ने बताया कि बंगाल का जादू को पहले लोगों के जुमले में था उस समय पीसी सरकार जादू दिखाते थी लेकिन अब मध्यप्रदेश का जादू चल रहा है। उन्होंने बताया कि ऑल इंडिया मैजिक फेडरेशन के वे राष्ट्रीय अध्यक्ष भी हैं। मैजिक अकादमी खोलने का कार्य राजस्थान में प्रक्रिया में है लेकिन वे चाहते थे मध्यप्रदेश में पहला मैजिक अकादमी खोली जाए। लेकिन ऐसा नहीं हो सका।
आंखों में पट्टी बांध चलाएंगे वाहन
जादूगर आनंद ने बताया कि 29 अप्रैल से नरीज टॉकीज में जादू के दो शो होंगे। जिसमें पहला 3 से 6 और 6 से 9 बजे तक रहेगा। रविवार को यह शो 12 से 3 भी चलेगा। इससे पहले 28 अप्रैल को सुबह 11 बजे से बस स्टैंड से आंखो में पट्टी बांधकर कर दो पहिया वाहन चलाया जाएगा। जादूगर आनंद ने बताया कि इस बार के शो में बहुत कुछ नया है।