कटनी। नईदुनिया प्रतिनिधि
स्वच्छ सर्वेक्षण-2022 अन्तर्गत नगर की सफाई व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए एवं विभिन्ना जागरूकता गतिविधियों का आयोजन कर नागरिकों के बीच स्वच्छता का संदेश प्रसारित कर नगर की सफाई व्यवस्था में सकारात्मक सहयोग प्राप्त करने के निरंतर प्रयास किये जा रहे हैं।
इसी श्रंखला में जिला कलेक्टर एवं प्रशासक प्रियंक मिश्रा एवं निगमायुक्त सत्येन्द्र सिंह धाकरे के कुशल मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से होटल अरिंदम में जीरो वेस्ट वैडिंग समारोह के लिए नवाचार किया गया। नागरिकों एवं नगर के होटल संचालकों को स्वच्छता का संदेश प्रसारित किया गया। नोडल अधिकारी स्वच्छ भारत मिशन आदेश जैन नें जानकारी देते हुए बताया कि आयोजित विवाह समारोह में सिंगल यूज प्लास्टिक के किसी भी आईटम का उपयोग नहीं किया गया। वुडन प्लेट, मिट्टी के बर्तन, कांच के ग्लास, स्टील के बर्तन, रीयूज होने वाले प्लास्टिक के बर्तन तथा पेपर से निर्मित आईटमों का उपयोग किया गया था। अतिथियों द्वारा इस आयोजन की सहारना की गई। आयोजन को सफल बनाने में होटल अरिंदम के स्वामी मनीष गेई का विशेष योगदान रहा। निगमायुक्त सत्येन्द्र सिंह धाकरे द्वारा होटल संचालक द्वारा किये गए इस नवाचार की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस तरह के नवाचारों से नगर के अन्य होटल संचालकों सहित नागरिकों को भी स्वच्छता के प्रति प्रेरणा मिलेगी।
राजीव गांधी वार्ड में दिया गया स्वच्छता का संदेश
कटनी। नईदुनिया प्रतिनिधि
स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 की गतिविधियों से नागरिकों को अवगत कराकर नगर की सफाई व्यवस्था में सकारात्मक सहयोग की प्राप्ती के उद्धेश्य से निगम प्रशासन द्वारा रोजाना विभिन्ना जागरूकता अभियानों का आयोजन किया जा रहा है। स्वच्छ भारत मिशन नोडल अधिकारी आदेश जैन ने बताया कि गुरुवार सुबह राजीव गांधी वार्ड स्थित रबर फैक्ट्री बस्ती में समाजसेवी रेखा अंजू तिवारी, निगम कर्मचारी, एम.एस.डव्ल्यू सुपरवाईजर तथा सहयोगी संस्था की टीम की उपस्थिति में सोर्स सेग्रीगेशन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान उपस्थित जनों द्वारा बस्ती के घर घर दस्तक देकर सोर्स सेग्रीगेशन का कार्य किया गया। जिसमें क्षेत्रवासियों से घरों से निकलने वाले कचरे को अलग अलग डस्टबिन में रखने तथा निगम के कचरा वाहनों में कचरा अलग-अलग ही देकर नगर की सफाई व्यवस्था में सहयोग प्रदान करने की अपील की गई। स्वच्छता सर्वेक्षण को दृष्टिगत रखते हुए सहयोगी संस्था के सदस्यों द्वारा रफी अहमद किदवई वार्ड प्रेमनगर बस्ती में मटका काम्पोस्टिंग खाद बनानें की जानकारी से अवगत कराया गया। साथ ही अंबेडकर वार्ड में सैप्टिक टैंकों की जियो टैगिंग का कार्य किया गया।