
नईदुनिया प्रतिनिधि, कटनी। बीना-नागदा स्पेशल ट्रेन में नवजात मिलने की सूचना से रेलवे विभाग में हड़कंप मच गया। ट्रेन क्रमांक 09341 के प्लेटफॉर्म पर पहुंचते ही रेलवे अधिकारियों, जीआरपी और आरपीएफ की टीम ने महिला आरक्षक की मौजूदगी में नवजात को उतारा। इसके बाद उसे जिला अस्पताल की गहन चिकित्सा इकाई में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।
जानकारी के मुताबिक, बकलेहटा रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन के इंजन के पीछे वाली बोगी से ड्राइवर को नवजात के रोने की आवाज सुनाई दी। ड्राइवर ने तत्काल ट्रेन के गार्ड को सूचना दी, जिसके बाद रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों को मामले से अवगत कराया गया। बताया जा रहा है कि ट्रेन की खाली बोगी में करीब डेढ़ माह की नवजात बच्ची मिली है।
चिकित्सकों के अनुसार, बच्ची की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है और उसे एहतियातन गहन चिकित्सा निगरानी में रखा गया है। वहीं, जीआरपी मामले की जांच में जुटी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नवजात को ट्रेन में किसने और किन परिस्थितियों में छोड़ा।