By gajendra.nagar
Edited By: gajendra.nagar
Publish Date: Thu, 10 Mar 2022 06:02:10 PM (IST)
Updated Date: Thu, 10 Mar 2022 06:02:10 PM (IST)
खंडवा (नईदुनिया प्रतिनिधि)। मध्य रेल ने 11 कर्मचारियों को महाप्रबंधक संरक्षा पुरस्कार से सम्मानित किया है। इन 11 कर्मचारियों ने तत्परता से निर्णय लेकर सतर्कता दिखाई। समय पर सूचना देकर रेल हादसों को रोकने का कार्य किया है। महाप्रबंधक अनिल कुमार लाहोटी ने छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस मुंबई में आयोजित एक समारोह में यह पुरस्कार प्रदान किए। पुरस्कार प्राप्त करने वालों में भुसावल, सोलापुर, पुणे, नागपुर मंडल के दो-दो व मुंबई मंडल के तीन कर्मचारी शामिल हैं।
कर्मचारियों को संबोेधित करते हुए महाप्रबंधक अनिल कुमार लाहोटी ने कहा सभी ने एक सराहनीय काम किया है। रेलवे कर्मचारियों द्वारा सुरक्षित काम करने के लिए दिखाई गई सतर्कता दूसरों को प्रेरित करेगी। इस दौरान बीके दादाभोय, अपर महाप्रबंधक आलोक सिंह, प्रधान मुख्य सुरक्षा अधिकारी मुकुल जैन, प्रधान मुख्य परिचालन प्रबंधक अश्विनी सक्सेना, प्रधान मुख्य अभियंता गोपाल चंद्रा, प्रधान मुख्य विद्युत अभियंता एके गुप्ता, प्रधान मुख्य यांत्रिकी अभियंता अजय सदानी सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
इन्हें किया पुरस्कृत-
सुरेखा वाघमारे: पाइंट्सवूमेन की ड्यूटी के दौरान कुर्ला-मुंबई के बीच ट्रेन संख्या 22222 में 26 नवंबर 2021 को डिब्बे में धुआं देखा। तुरंत ट्रेन को लाल संकेत दिखाया और स्टेशन प्रबंधक को सूचित किया। दादर स्टेशन में आग पर काबू पाया गया।
मृत्युंजय कुमार चौधरी: लोको पायलट की ड्यूूटी के दौरान 29 जनवरी 2022 को पनवेल में मालगाड़ी की ट्राली से असामान्य आवाज सुनाई दी। तुरंत मालगाड़ी को रोक दिया। निरीक्षण करने पर पाया ट्राली का सेकंडरी सस्पेंशन क्वाइल स्प्रिंग टूटा था। संबंधित अधिकारियों को सूचित किया और विशेष लोको को अलग कर मरम्मत के लिए भेजा।
प्रवीण टिकोने: सहायक लोको पायलट की ड्यूटी के दौरान 29 जनवरी 2022 को पनवेल में मालगाड़ी में ट्राली से असामान्य आवाज सुनाई दी। तुरंत मालगाड़ी को रोक दिया। निरीक्षण करने पर पाया कि ट्राली का सस्पेंशन स्प्रिंग टूटा था। ट्रेन को सुरक्षित रूप से संचालित कर विशेष लोको को अलग कर दिया।
राहुल साहू: सहायक स्टेशन प्रबंधक की ड्यूटी के दौरान घोटी (भुसावल) में 27 जनवरी को ट्रेन संख्या 22538 का हैंड सिग्नल चेंज करते हुए देखा 8वें और 9वें कोच के सभी ब्रेक पैड फर्श को ग्रेट कर रहे हैं। चलते समय धुआं पैदा कर रहे हैं। तुरंत वाकी-टाकी का उपयोग करते हुए और चालक दल के नियंत्रण को ट्रेन को रोकने के लिए सूचित किया। ट्रेन के गार्ड के साथ पेंट्री कार में लगे अग्निशामक की मदद से आग और धुएं पर काबू पाया गया।
मुकेश कुमार चौधरी: गार्ड की ड्यूटी के दौरान भुसावल में सूचना प्राप्त हुई कि गाड़ी संख्या 22538 फर्श को ग्रेटिंग कर रहे हैं। संदेश प्राप्त होने पर तुरंत ट्रेन को रोक दिया और स्टेशन प्रबंधक की सहायता से पेंट्री कार में लगे अग्निशामक यंत्र से आग पर काबू पाया।
लखन रामनाथ: कीमैन की ड्यूटी के दौरान जुन्नाारदेव (नागपुर) में 10 फरवरी को पटरियों पर गश्त के दौरान 912/19-20 किलोमीटर पर रेल फ्रेक्चर देखा। तत्काल गाड़ी संख्या 01319 को रोका और सभी संबंधितों को सूचित किया। वेल्ड फ्रेक्चर को अटैंड किया।
अनूप कुमार: सहायक लोको पायलट की ड्यूटी के दौरान नौ फरवरी को चिकनी स्टेशन के लूप लाइन पर मालगाड़ी के 23739 और 23689 इंजनों के अंडर गियर का निरीक्षण कर रहे थे। तीसरे वैगन के सीबीसी कपलिंग में दरार देखी। दरार देखते ही सभी संबंधितों को सूचित किया। वैगन को अलग किया और मालगाड़ी को रवाना किया।
जीएन जोशी: लोको पायलट की ड्यूटी के दौरान मिरज (पुणे) में 14 फरवरी को 93/8 किलोमीटर पर ट्रैक पर रखा हुआ एक सीमेंट का खंभा देखा। तुरंत ट्रेन को रोक दिया। पोल को हटा दिया और फिर ट्रेन को आगे बढ़ गया।अविनाश पवार: लोको पायलट की ड्यूटी के दौरान मिरज से 16 फरवरी को मालगाड़ी पर निकले। निरीक्षण करते हुए पाया कंप्रेसर फाउंडेशन ढीली और लटकी हुई थी। तुरंत संबंधित विभाग को सूचित किया और तकनीशियन ने अटैंड किया।
अमरनाथ मौर्य: स्टेशन प्रबंधक मुंडेवाड़ी (सोलापुर) 12 फरवरी को मालगाड़ी को सिग्नल की सूचना देते हुए पाया कि मालगाड़ी के 5वें वैगन से एक धातु लटकी हुई और पटरियों को छू रही है। यह देखते हुए रेड सिग्नल दिया, ट्रेन को रोका और सही किया।
गौरव कुमार: ट्रैकमैन की ड्रयूटी के दौरान सोलापुर में चार फरवरी रात 1.30 बजे गश्त के दौरान 286/1-2 किलोमीटर पर रेल फ्रैक्चर देखा। तुरंत अपने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया। रेल फ्रैक्चर को ठीक करवाया।