
नईदुनिया प्रतिनिधि, खंडवा। करीब चार दशक पहले दर्ज छेड़छाड़ के मामले में फरार चल रहे आरोपित को मोघट रोड पुलिस ने 40 साल बाद गिरफ्तार किया है। जब पुलिस ने उसे पकड़ा तो उसकी उम्र 64 साल हो चुकी थी। पूछताछ में उसने पुलिस से यहां तक कहा कि उसे याद नहीं आ रहा कि उसने किस युवती के साथ छेड़छाड़ की थी। पुलिस के अनुसार आरोपित को भूलने की बीमारी भी है।
मोघट रोड थाना पुलिस के अनुसार वर्ष 1986 में अशोक कुमार पुत्र पॉपसिंग उर्फ पप्पू निवासी संजय नगर के खिलाफ एक महिला ने छेड़छाड़ का केस दर्ज कराया था। उस समय अशोक करीब 24 वर्ष का था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था। जमानत मिलने के बाद वह दोबारा पेशियों पर नहीं पहुंचा। लंबे समय तक फरार रहने के कारण हाल ही में न्यायालय ने उसके खिलाफ स्थायी वारंट जारी किया।
स्थायी वारंट की तामील के लिए पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। अशोक की जलेबी चौक पर पहले कटिंग की दुकान थी, लेकिन वहां वह नहीं मिला। संजय नगर स्थित घर पर भी ताला लगा मिला। इसी दौरान टीआई विकास खिंची और हेडकांस्टेबल रफीक खान को मुखबिर से सूचना मिली कि अशोक बस स्टैंड क्षेत्र में गन्ने की चरखी की दुकान पर रह रहा है। पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक 40 साल में अशोक का चेहरा और हुलिया काफी बदल गया था। स्वजन से जानकारी और पुख्ता सूचना के आधार पर उसकी पहचान की पुष्टि हुई। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।