BJP Candidate List: भाजपा ने दूसरी बार जताया खंडवा के मौजूदा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल पर विश्वास
निमाड़ के कद्दावर नेता सांसद नंदकुमारसिह चौहान का कोविड संक्रमण के दौरान निधन होने पर भाजपा ने उपचुनाव में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ज्ञानेश्वर पाटिल को उम्मीदवार बनाया था ।
By Hemant Kumar Upadhyay
Edited By: Hemant Kumar Upadhyay
Publish Date: Sun, 03 Mar 2024 07:39:25 AM (IST)
Updated Date: Sun, 03 Mar 2024 07:39:25 AM (IST)
HighLights
- ज्ञानेश्वर पाटिल को फिर टिकट मिलने पर कार्यकर्ताओं व समर्थकों ने ढोल बजाकर जताई खुशी
- पाटिल ने सौम्य व्यवहार से संगठन के नेताओं, कार्यकर्ताओं तथा जनता में पैठ बनाई है।
- पाटिल 1995 से 1998 तक भाजयुमो खंडवा के जिला महामंत्री रहे।
नईदुनिया प्रतिनिधि, खंडवा। खंडवा- बुरहानपुर लोकसभा क्षेत्र में भाजपा ने अपने मौजूदा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल पर विश्वास जताते हुए दोबारा मौका दिया है। निमाड़ के कद्दावर नेता सांसद नंदकुमारसिह चौहान का कोविड संक्रमण के दौरान निधन होने पर भाजपा ने उपचुनाव में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ज्ञानेश्वर पाटिल को उम्मीदवार बनाया था । इस उपचुनाव में पाटिल ने करीब 80 हजार मतों से जीत दर्ज की थी। यह जिम्मेदारी मिलने के बाद सांसद पाटिल क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयासरत हैं।
अपने सौम्य व्यवहार से संगठन के नेताओं, कार्यकर्ताओं तथा जनता में पैठ बनाई है। करीब ढाई साल के कार्यकाल में उनकी निर्विवादित छवि और सक्रियता की वजह से पार्टी ने उन्हे पुन: अधिकृत प्रत्याशी बनाया है। सांसद से पूर्व 2000 से 2005 तक खंडवा जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुके हैं। पिछड़े वर्ग नेता के रूप में निमाड़ क्षेत्र में अपना जनाधार बनाने में कामयाब रहे हैं। भाजपा से उम्मीदवारी का ऐलान होते ही सांसद पाटिल को बधाइयों का तांता लगने के साथ ही उनके समर्थकों ने ढोल बजाकर जश्न मनाया।
सांसद पाटिल लोकसभा की परामर्शदात्री समिति,भारत सरकार के ऊर्जा मंत्रालय संबंधी संसदीय स्थायी समिति के सदस्य हैं। मप्र राज्य पावरलूम बुनकर संघ अध्यक्ष हैं। बुरहानपुर पावरलूम के कपड़े की राष्ट्रीय स्तर की मंडी है। जहां चार दशक पूर्व बुनकरों के उद्धार के लिए बनाए गए पावरलूम फेडरेशन को कांग्रेस शासन में डूब चुकी थी। इस सहकारी क्षेत्र में बुनकरों के साथ जुड़कर वर्ष 2017 में मध्यप्रदेश राज्य पावरलूम बुनकर सहकारी संघ मर्यादित बुरहानपुर का अध्यक्ष निर्वाचित होकर दो दशक से लगातार घाटे की संस्था को लाभ की स्थिति में लाकर खड़ा किया।
एक नजर में ज्ञानेश्वर पाटिल की प्रोफाइल
- ज्ञानेश्वर पाटिल बुरहानपुर क्षेत्र के बोहोड़ा गांव के निवासी हैं।पिता का नाम नत्थूजी पाटिल।वे बीकॉम से स्नातक हैं।ज्ञानेश्वर पाटिल का जन्म 27 जनवरी 1969 को हुआ।वे केले के सप्लायर व ट्रांसपोर्टर हैं।कृषि ही उनका मुख्य पेशा है।छात्र जीवन में थे तो राजनति की ओर झुकाव हुआ।1987 से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़ गए।कालेजों में अभाविप के बैनर तले आंदोलन किए।इसके बाद अभाविप से भारतीय जनता युवा मोर्चा में आ गए।
1995 से 1998 तक भाजयुमो खंडवा के जिला महामंत्री रहे।1998 से 2001 तक भाजयुमो प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रहे।2001 में भाजपा पंचायत राज प्रकोष्ठ प्रदेश महामंत्री के पद पर रहे।
वर्ष 2000 से 2005 तक जिला पंचायत अध्यक्ष खंडवा रहे।बाद में बुरहानपुर जिला बना और जिला पंचायत की सीट आरक्षित हुई तो ज्ञानेश्वर की पत्नी जिला पंचायत अध्यक्ष रहीं।
वे 2012 से 2014 तक प्रदेश भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष रहे।
नंदकुमार सिंह चौहान के बाद खंडवा सीट से भाजपा ने ज्ञानेश्वर पाटिल को 2021 के उपचुनाव में टिकट दिया।ज्ञानेश्वर पाटिल ने उपचुनाव में जीत दर्ज कराई।