
नईदुनिया प्रतिनिधि, खंडवा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार को 12 बजे खंडवा पहुंचे। यहां नई कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित 'बलराम कृषि महोत्सव' कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री डा. यादव इस अवसर पर मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत 82 लाख से अधिक किसानों के खाते में 3300 करोड रुपए से अधिक की राशि ट्रांसफर कर किसानों से संवाद किया। मंच पर पहुंचे से पहले सीएम ने कार्यक्रम स्थल पर लगी प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
डिजिटल कृषि सेवाओं की जानकारी दी जा रही
महोत्सव में कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन, सहकारिता और कृषि अभियांत्रिकी सहित विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी लगाई गई। किसानों को आधुनिक खेती, उन्नत बीज, ड्रोन तकनीक, स्मार्ट सिंचाई, प्राकृतिक एवं जैविक खेती, जल संरक्षण, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, मौसम आधारित खेती तथा डिजिटल कृषि सेवाओं की जानकारी दी जा रही है।
साथ ही विशेषज्ञ किसानों की समस्याओं का समाधान करेंगे और बदलती जलवायु के अनुरूप खेती की नई तकनीकों एवं जोखिम प्रबंधन के उपायों से भी अवगत कराया जा रहा है। इस आयोजन के लिए प्रशासन द्वारा नई कृषि उपज मंडी में पंडाल सहित अन्य व्यवस्थाएं की गई है।