
नईदुनिया प्रतिनिधि, खंडवा। भारतमाला परियोजना अंतर्गत निर्माणाधीन इंदौर-एदलाबाद नेशनल हाईवे पर बासवां के निकट खिरकिया नदी पर निर्मित पुलिया का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त होने का मामला सामने आया है। लोगों ने आरोप लगाया है कि वाहनों की आवाजाही शुरू होने से पहले ही पुलिया की स्लैब धंस गई। इससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। इधर निर्माण एजेंसी द्वारा भारी वाहन की वजह से कांक्रीट में क्रैक आने पर मरम्मत के लिए कांक्रीट तोड़ने की बात कही जा रही है।
इंदौर से एदलाबाद तक 3900 करोड़ रुपये की लागत वाली 203 किलोमीटर लंबी इस परियोजना में धनगांव-बलवाड़ा खंड में हाईवे पर पुलिया का निर्माण करीब सात माह पहले किया गया था। इसके एक्सपेंशन जॉइंट का कार्य कुछ समय पहले हुआ था। उस पर नियमित यातायात भी शुरू नहीं हुआ है, निर्माण एजेंसी के अलावा अन्य वाहन भी इससे कई दिनों से निकल रहे हैं।
शनिवार रात एक भारी वाहन का पुलिया पर एक्सेल टूटने से एक्सपेंशन जॉइंट के पास कांक्रीट में क्रैक आने से कुछ हिस्सा धंस गया। इसके बाद यहां से वाहनों की आवाजाही रोक दी गई। इसकी सूचना पर स्थानीय लोगों द्वारा पुलिया के क्षतिग्रस्त हिस्से का वीडियो बनाने के बाद मामला चर्चा में आया। ग्रामीणों का आरोप है कि स्लैब में निर्माण सामग्री की गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं है। हालांकि इन आरोपों की तकनीकी रूप से कोई पुष्टि नहीं हुई है।
हाईवे के धनगांव से बलवाड़ा तक के हिस्से का निर्माण पेटी कॉन्ट्रैक्टर केदारेश्वर कंपनी और मुख्य निर्माण एजेंसी जीएचवी इंडिया द्वारा किया जा रहा है। यह कार्य एनएचएआई की खंडवा यूनिट की देखरेख में हो रहा है। पहले इसे एनएचएआई की इंदौर यूनिट देख रही थी। मामले को लेकर संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी ने तकनीकी परीक्षण और जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट होने की बात कही है। वहीं ग्रामीणों ने स्वतंत्र जांच कराकर जिम्मेदारी तय करने और निर्माण गुणवत्ता की समीक्षा की मांग की है।
यह भी पढ़ें- एसपी की चेतावनी के बाद भी नहीं रुकी रीवा में गुंडागर्दी, देवतालाब मंदिर में पार्किंग माफिया ने श्रद्धालुओं को पीटा
प्रोजेक्ट मैनेजर रुद्रा हजांगे ने कहा कि एक ओवरलोड वाहन पुलिया पर चढ़ गया था और खराब होकर वहीं फंस गया था। इससे पुलिया के एक हिस्से में क्रैक आ गया था। सुरक्षा के चलते इसकी मरम्मत के लिए कांक्रीट का हिस्सा तोड़ा गया है। पुलिया का कांक्रीट धंसने जैसी कोई बात नहीं है। इसकी मरम्मत भी हो चुकी है। अभी एक सप्ताह वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी।