खंडवा। दीपावली पर खंडवा में सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार की हुई मिठाई प्रदेश के सभी जिलों में पहुंच रही है। यहां तक कि मुख्यमंत्री निवास पर भी इन महिलाओं द्वारा तैयार की गई मिठाई एवं नमकीन भेजे गए हैं। सभी मिठाई शुद्ध देसी घी में तैयार की गई है, इसमें स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा गया है। त्योहारों पर गिफ्ट देने के लिए इन मिठाइयों और नमकीन का कंबो पैक भी बनाया गया है।
प्रदेश में स्व सहायता समूह के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार ने आजीविका मिशन चलाया। स्व सहायता समूह की महिलाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए खंडवा जिला प्रशासन ने सालभर पहले कलेक्टर कार्यालय परिसर में ही चाय नाश्ते एवं खाने के लिए एक काउंटर स्थापित किया गया था। इसका नाम दीदी कैफे रखा गया था। सरकारी बैठकों, आयोजनों में इसी दीदी के कैफे द्वारा तैयार किए गए चाय, नाश्ते एवं लंच के पैकेट उपलब्ध कराएं जाते हैं। इस दीपावली पर स्व सहायता समूह की महिलाओं ने तैयार की गई मिठाई एवं नमकीन प्रदेश के सभी जिलों में भेजी जा रही है। समूह की स्वाति राठौर और क्षमा राठौर ने बताया कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उनका यह प्रयास पूरे प्रदेश में मिठास घोलेगा। अब तक लगभग एक क्विंटल मिठाई और लगभग इतना ही नमकीन प्रदेश के सभी जिलों में भेजा जा चुका है।
तीन छात्रों का हॉकी शालेय राज्य स्पर्धा के लिए हुआ चयन
खंडवा। बालक क्रीड़ा परिसर खालवा अंडर 19 हॉकी टीम ने बड़वानी में आयोजित विभागीय राज्य स्तरीय चयन स्पर्धा में भाग लिया। इसमें पूरे प्रदेश के चार जोन से टीमें पहुंची थी। चयन स्पर्धा में बालक क्रीड़ा परिसर खालवा की हॉकी टीम से राम कास्डे, संजय मुजाल्दे व मनोहरी पर्ते का चयन हुआ है। क्रीड़ा प्रभारी बीएस पंचोरिया ने बताया यह टीम बैतूल में 26 से 29 अक्टूबर तक होने वाली शालेय राज्य प्रतियोगिता में भाग लेगी। राज्य स्तर पर छात्रों का चयन होने पर प्राचार्य अलका उपाध्याय, सीके यादव लता चौहान ने हर्ष व्यक्त किया। कोराना संक्रमण के कारण राज्य स्तर पर प्रतियोगिताओं का आयोजन नहीं हो सका था। अब यह प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।