Khandwa Health News: खंडवा(नईदुनिया प्रतिनिधि)। लेडी बटलर अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचने वाली गर्भवती महिलाओं की संख्या बढ़ने से जगह की कमी होने लगी है। 110 बिस्तरों के अस्पताल में हर दिन 150 से अधिक से अधिक प्रसुताएं भती रहने से अन्य गर्भवतियों को पलंग खाली होने का इंतजार करना पडता है ।यह स्थिति आए दिन सामने आती है। इसकी मुख्य वजह जिले की सीएचसी और पीएचसी पर प्रसव पर ध्यान नहीं दिए जाने से बन रही है। लगभग 30 बेड की अतिरिक्त आवश्यकता है। जगह की कमी के कारण वार्ड के अलावा बरामदे में भी बिस्तर लगाकर भर्ती किया जा रहा है। जिला प्रशासन के अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान इस समस्या को देखा। लेकिन अन्य कहीं सुविधा नहीं होने से कुछ बिस्तर शिफ्ट करने में दिक्कत हो रही है।
लेडी बटलर अस्पताल में प्रसूति के लिए खंडवा जिले के अलावा अन्य जिलों से भी गर्भवती महिलाएं पहुंचती है। यहां पर अलग-अलग वार्ड में कुल 110 बिस्तरों की व्यवस्था है। महिलाओं की संख्या को देखते हुए बरामदे में स्थाई पलंग लगा दिए गए हैं ताकि वार्ड में जगह नहीं होने पर महिलाओं को भर्ती किया जा सके। जगह नहीं मिलने पर कई महिलाओं के स्वजन निजी अस्पताल की तरफ रुख करते हैं। बुधवार को एडीएम व अपर संचालक पुनर्वास एनएचडीसी राजेश जैन ने लेडी बटलर अस्पताल का निरीक्षण किया था। उन्हें जगह की कमी और गंदगी मिली। कूलर की पर्याप्त व्यवस्था के संबंध में भी निर्देश दिए। साथ ही अस्पताल की शिफ्टिंग को लेकर भी सुझाव दिया।
हड्डी रोग विभाग में नहीं थे डाक्टर, परेशान हुए मरीजः ए-ब्लाक में हड्डी रोग विभाग की ओपीडी में गुरुवार सुबह डाक्टर नदारद थे। लगभग एक घंटे तक मरीज इंतजार करते रहे। कई मरीज प्लास्टर कटवाने व चढ़वाने भी आए थे लेकिन डाक्टर के नहीं होने से परेशान हुए। मरीजों की संख्या बढ़ने से भीड़ बढ़ी। लगभग 30 मरीज देर तक इंतजार करते रहे। इस दौरान नंबर को लेकर कुछ मरीजों में बहस भी हुई। आवाज सुनकर सुरक्षाकर्मी ने लोगों को समझाइश दी। इस दौरान महिलाओं का सब्र टूटा व उन्होंने भी डाक्टरों के नहीं होने पर नाराजगी जताई। कमरा नंबर आठ व 11 में डाक्टर नदारद थे। कर्मचारी भी डाक्टरों के संबंध में सही जानकारी नहीं दे पाए।
वर्जन-
लेडी बटलर अस्पताल में फिलहाल 110 बिस्तरों की व्यवस्था है। गर्भवती महिलाओं की संख्या बढ़ने पर जगह कम पड़ती है। अतिरिक्त 20 से 30 बिस्तरों की आवश्यकता है। इसे लेकर सिविल सर्जन पूरी जानकारी दे पाएंगे।
डा. लक्ष्मी डूडवे, प्रभारी लेडी बटलर
वर्जन-
लेडी बटलर अस्पताल की शिफ्टिंग या कुछ बिस्तर बी-ब्लाक में उपलब्ध कराए जाने के संबंध में अभी कोई जानकारी नहीं हैं।
डा. ओपी जुगतावत, सिविल सर्जन