
नईदुनिया प्रतिनिधि, खंडवा। ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में महामृत्युंजय जाप, पार्थेश्वर पूजन, पंचामृत पूजन, नर्मदा आरती, नर्मदा पूजन तथा जलाभिषेक का घर बैठे पुण्य लाभ ऑनलाइन श्रद्धालु उठा रहे हैं। ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर आकर जलाभिषेक करना हर श्रद्धालु चाहता है, लेकिन व्यावसायिक और पारिवारिक व्यस्तताओं के कारण जो श्रद्धालु ओंकारेश्वर आकर भगवान का जलाभिषेक नहीं कर पाते, उनके लिए ओंकारेश्वर मंदिर प्रशासन की वेबसाइट पर दी गई ई-आराधना की सुविधा वरदान साबित हो रही है।
तेलंगाना राज्य के हनुमंत राव ने बताया कि जब उन्हें श्री ओंकारेश्वर मंदिर की वेबसाइट पर ई-आराधना सुविधा का विकल्प दिखा तो सोचा, क्यों ना घर बैठे ही जलाभिषेक किया जाए। वेबसाइट के माध्यम से जलाभिषेक की बुकिंग करने के बाद मंदिर प्रशासन की तरफ से तकनीकी जानकारी भेजी गई, कि किस तरह से पूजा व जलाभिषेक में शामिल होना है।
उन्होंने बताया कि पहले से निर्धारित किए गए टाइम स्लाट पर अच्छी तरह से पूजा संपन्न हुई, और स्पीड पोस्ट से घर बैठे भगवान ओंकारेश्वर का प्रसाद भी प्राप्त हो गया। श्रद्धालु राव ने सोमवार को ऑनलाइन जलाभिषेक करने के बाद अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि घर बैठे भगवान श्री ओंकारेश्वर के अभिषेक-पूजन से जुड़ना उनके लिए बहुत अद्भुत और आनंददायक रहा।
यह भी पढ़ें- महाकाल-ओंकारेश्वर दर्शन का सुनहरा मौका: IRCTC का 4 रात और 5 दिन का स्पेशल टूर पैकेज लॉन्च