
नईदुनिया न्यूज, ओंकारेश्वर। श्रावण मास में ओंकारेश्वर में आस्था का सैलाब उमड़ रहा है। भगवान ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन और जलाभिषेक के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु ओंकारेश्वर पहुंच रहे हैं। सुबह से ही मंदिर परिसर, घाटों और प्रमुख मार्गों पर भक्तों की भारी भीड़ नजर आ रही है।
श्रद्धालु नर्मदा नदी में स्नान करने के बाद भगवान ओंकारेश्वर के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए कतारों में खड़े दिखाई दे रहे हैं। चारों ओर हर-हर महादेव, बम-बम भोले और जय ओंकारेश्वर के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय नजर आ रहा है। श्रावण के चलते मंदिर और आसपास के क्षेत्रों में विशेष धार्मिक माहौल बना हुआ है। अवकाश और रविवार की वजह से तीन दिनों से ओंकारेश्वर में भारी भीड़ हो रही है। सोमवार को भी यह सिलसिला जारी रहेगा।
बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती के साथ भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
श्रावण मास में ओंकारेश्वर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ने से स्थानीय बाजारों और घाटों पर भी काफी चहल-पहल देखने को मिल रही है। फूल-माला, पूजा सामग्री और धार्मिक वस्तुओं की दुकानों पर भी भक्तों की भीड़ नजर आ रही है।
ओंकारेश्वर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस बल मुस्तैद
श्रावण माह के चलते ओंकारेश्वर में श्रद्धालुओं और कावड़ियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के उद्देश्य से नगर के सभी प्रमुख पार्किंग स्थलों, पहुंच मार्गों, मुख्य बाजारों, चौराहों तथा मंदिर परिसर में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस बल को अलग-अलग स्थानों पर जिम्मेदारियां सौंपकर व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिसकर्मी भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर लगातार नजर रख रहे हैं।
इसके साथ ही श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पुलिसकर्मी सहायता के लिए भी तत्पर हैं। श्रावण माह में बड़ी संख्या में कावड़िए और श्रद्धालु ओंकारेश्वर पहुंच रहे हैं। इसे देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सभी जवानों को अपनी ड्यूटी पर पूरी तरह मुस्तैद रहने तथा श्रद्धालुओं की सेवा एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं।
यह भी पढ़ें- महाकाल-ओंकारेश्वर दर्शन का सुनहरा मौका: IRCTC का 4 रात और 5 दिन का स्पेशल टूर पैकेज लॉन्च