
खंडवा। हनुमंतिया में कैबिनेट की बैठक में सरकार के नुमाइंदों की आमद के चलते तीन दिन में 8 किमी का रोड बनाने के निर्देश दिए गए हैं। इस दिशा में तेजी से काम भी शुरू हो गया है लेकिन दूसरी ओर शहर में तीन किमी लंबा बायपास तीन साल बाद भी फोरलेन में तब्दील नहीं हो सका है। जर्जर रोड पर धूल के गुबारों के बीच गुजरते लोगों की परेशानी सुनने वाला कोई नहीं है। श्रीधूनीवाले दादाजी दरबार से जुड़े सेवाधारियों ने जल्द ही फोरलेन रोड निर्माण पूरा कराने की मांग उठाई है।
जूनी इंदौर लाइन के करीब तीन किमी लंबे बायपास को फोरलेन किया जाना है। इसकी स्वीकृति तीन साल पहले से हो चुकी है। श्री धूनीवाले दादाजी मंदिर पहुंचने के लिए श्रद्घालुओं के लिए सबसे प्रमुख मार्ग यही है। हर बार गुरुपूर्णिमा उत्सव करीब आने पर इस मार्ग को अस्थायी तौर पर गिट्टी और मुरम डालकर चलने लायक बना दिया जाता है। पर्व बीतने के बाद फिर मार्ग की हालत जर्जर हो जाती है। ऐसा करीब तीन साल से हो रहा है।
चार माह बाद 19 जुलाई को गुरुपूर्णिमा उत्सव फिर आने वाला है। इससे पूर्व अप्रैल में सिंहस्थ के चलते ओंकारेश्वर में ज्योतिर्लिंग दर्शन करने वाले हजारों श्रद्घालुओं के खंडवा दादाजी दरबार में भी पहुंचने की संभावना है। ऐसे में अधूरे फोरलेन निर्माण को जल्द से जल्द पूरा कराने की मांग तेजी से उठ रही है, ताकि श्रद्घालुओं को आवागमन में दिक्कतों का सामना न करना पड़े। श्रीदादाजी सेवाधारी ग्रुप द्वारा सोमवार को इस संबंध में कलेक्टर महेश अग्रवाल को ज्ञापन सौंपा जाएगा। ज्ञापन में आने वाले त्योहारों को ध्यान में रखकर शीघ्र रोड निर्माण की मांग की जाएगी।
-बॉक्स में दें-
हनुमंतिया में बनेगा रोड
हनुमंतिया टापू पर 2 फरवरी को मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान प्रदेश के आला अफसरों के बीच कैबिनेट की बैठक लेंगे। गुरुवार को इसी बैठक की तैयारियों के मद्देनजर संभागायुक्त संजय दुबे व अन्य अफसर हनुमंतिया पहुंचे थे। श्री दुबे ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को हनुमंतिया पहुंच मार्ग के निर्माण को तीन दिन के भीतर बनवाने के निर्देश दिए हैं।
मार्च तक होगा काम
जूनी इंदौर लाइन पर फोरलेन का काम इसलिए अटक गया है क्योंकि यहां नगर निगम द्वारा पेयजल पाइप लाइन नहीं बिछाई गई है। मार्च तक इस रोड का निर्माण कार्य पूरा करने का प्रयास है। समय सीमा में रोड निर्माण नहीं किए जाने पर नियमानुसार ठेकेदार से पेनल्टी वसूली जाएगी।
-वीके चौहान, अधीक्षण यंत्री, लोक निर्माण विभाग