
खंडवा, नईदुनिया प्रतिनिधि। स्कूल पहुंच मार्ग पर रेत व्यवसायियों ने अतिक्रमण कर लिया है। स्कूल से आते-जाते समय यहां उनके साथ छेड़छाड़ हो रही है। रेत के ढेर लगाकर खड़े रहने वाले मनचले उन्हें अश्लील कमेंट करते हैं। अतिक्रमण हटाकर मनचलों पर कार्रवाई की जाए। कुछ इस तरह छात्राओं ने अपनी पीड़ा नगर पुलिस अधीक्षक मनोहर बारिया के सामने रखी।
आए दिन हो रही छेड़छाड़ की घटनाओं से परेशान होकर सूरजकुंड स्कूल की छात्राओं ने हरसूद मार्ग पर चक्काजाम किया। इससे पहले छात्राओं ने रैली निकाली। सूरजकुंड स्कूल पहुंच मार्ग पर रेत व्यवसायियों का कब्जा है। सड़क किनारे ही रेत के ढेर लगे हुए हैं। यहां दिनभर लोगों का मजमा लगा रहता है। इसके पास ही सूरजकुंड कन्या शाला है। स्कूल लगने और छुट्टी के समय यहां मनचलों का जमावड़ा लग जाता है।
छात्राओं के यहां से गुजरने के दौरान मनचलों द्वारा उन पर कमेंट किए जाते हैं। इन सब से परेशान छात्राओं के सब्र का बांध बुधवार को टूट गया। छात्र संगठन हिंदू स्टूडेंट आर्मी के पदाधिकारियों के साथ बुधवार को बस डिपो से छात्राओं ने रैली निकाली। गायत्री मंदिर के पास सूरजकुंड मार्ग पर पहुंचकर छात्राओं ने चक्काजाम कर दिया।
गोल घेरा बनाकर स्टूडेंट आर्मी के पदाधिकारी और छात्राएं बीच सड़क पर खड़े हो गए। इसके चलते सड़क के दोनों तरफ के वाहनों की आवाजाही बंद हो गई। छात्र संगठन के माधव झा ने बताया कि कलेक्टर विशेष गढ़पाले ने नाम ज्ञापन सौंपा गया है। सात दिन के अंदर अगर अतिक्रमण नहीं हटता है तो चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। विरोध प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में छात्र और छात्र संगठन के कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।
डफली बजाकर लगाए नारे
स्टूडेंट आर्मी के कार्यकर्ता अपने साथ डफली लिए हुए थे। चक्काजाम कर कार्यकर्ताओं ने डफली बजाई। डफली की थाप पर नारे लगाए गए। अतिक्रमण हटाओ, रेत माफिया की तानाशाही नहीं चलेगी . .. के नारों से मार्ग गूंज उठा। इस दौरान सूचना मिलने पर नगर पुलिस अधीक्षक मनोहर बारिया चक्काजाम स्थल पर पहुंचे। उन्होंने छात्राओं से चक्काजाम करने की वजह पूछी। छात्राओं ने बताया कि रेत माफिया के अतिक्रमण के चलते मार्ग से उनका निकलना मुश्किल हो गया है। उनके साथ छेड़छाड़ की जा रही है। छात्राओं ने अतिक्रमण हटाकर मनचलों पर कार्रवाई करने की मांग करते हुए सीएसपी बारिया को एक ज्ञापन सौंपा है। सीएसपी ने छात्राओं को कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
राज्यपाल के जाते ही चक्काजाम
राज्यपाल आनंदी बेन के आगमन को लेकर शहर पुलिस छावनी बना रहा। दोपहर करीब 12.25 बजे राज्यपाल अपने काफिले के साथ सर्किट हाऊस पहुंची। उनके काफिले के निकल जाने के करीब 20 मिनिट बाद ही हिंदू स्टूडेंट आर्मी के कार्यकर्ताओं के साथ छात्राओं ने हरसूद रोड पर चक्काजाम कर दिया। रैली निकालकर छात्राएं सूरजकुंड मार्ग तिराहे पर पहुंची थी।
उनके इस विरोध प्रदर्शन की पुलिस को भनक तक नहीं लग पाई। गनीमत रही कि छात्राओं का विरोध प्रदर्शन राज्यपाल के जाने के बाद हुआ। उनके काफिले के आने के पहले हो जाता तो पुलिस अधिकारियों के लिए मुसीबत बन जाता। पुलिस का पूरा खुफिया तंत्र विद्यार्थियों के इस चक्काजाम आंदोलन से अनजान रहा। ऐसे में पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।