
नई दुनिया, खंडवा ( Harsud TI molestation case)। हरसूद टीआई अमित कोरी पर लगे आरोपों का मामला दिनों दिन गर्मा रहा है। छेड़छाड़ पीड़िता का सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने के मामले में भाजपा के हरसूद नगर मंडल अध्यक्ष प्रीतम सिंह डोटवा पर केस दर्ज किया गया है।
यह वीडियो टीआई के केबिन में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुआ था। वीडियो में टीआई कोरी और पीड़िता बातचीत करते दिखाई दे रहे हैं। पीड़िता की गोपनीयता भंग करने के मामले को लेकर पुलिस ने पीड़िता और उसकी मां की शिकायत पर कार्रवाई की है।
.jpg)
पीड़िता का कहना है कि टीआई कोरी ने ही वीडियो वायरल करवाए हैं। इसके जिम्मेदार वही है। इधर मामले में जांच कर रहे ग्रामीण एएसपी राजेश रघुवंशी का कहना है कि वीडियो वायरल करने के मामले में कार्रवाई की गई है। आगे की विभागीय जांच जारी है।
वहीं टीआई अमित कोरी के मामले में के संबंध में अब तक कोई बयान नहीं हुए हैं न ही उनकी और से कोई आवेदन दिया गया है।
.jpg)
खंडवा में अपराध से जुड़े एक अन्य मामले में महिला की हत्या करने वाले आरोपी को आजीवन कारावास और अर्थदंड से दंडित किया गया है। जिला एवं सत्र न्यायाधीश ममता जैन के न्यायालय ने आरोपी 18 वर्षीय रमेश पुुत्र रामसिंह निवासी ग्राम सरमेश्वर जिला खंडवा को धारा 302 भादवि के आरोप में आजीवन कारावास और पांच हजार रुपये अर्थदंड तथा धारा 452 भादवि के आरोप में एक वर्ष का सश्रम कारावास व दो हजार रुपये अर्थदंड तथा धारा 323 भादवि के आरोप में छह माह का सश्रम कारावास और 500 रुपये अर्थदंड से दंडित किया गया।
अभियोजन की ओर से मामले की पैरवी जिला लोक अभियोजन अधिकारी चंद्रशेखर हुक्मलवार द्वारा की गई। अभियोजन मीडिया सेल प्रभारी एडीपीओ हरिप्रसाद बांके ने बताया कि फरियादी फूल सिंह मृतिका बदरीबाई के पति ने थाना पिपलोद में छह अप्रैल 2023 को रिपोर्ट कर बताया कि वह और उसकी पत्नी बदरीबाई दोनो जंगल से महुआ बिनकर रात के लगभग 11 बजे अपने घर ग्राम सोमेश्वर आए।

पत्नी बदरीबाई ने खाना बनाया और उन लोगों ने खाना खाया। उसके बाद वह घर के बाहर आंगन में खटिया डालकर खटिया पर लेटा था। उसकी पत्नी खटिया के पास बैठी थी। दोनों बातचीत कर रहे थे। अचानक लाइट बंद होने से वह बोल रहा था कि रमेश मेरी लाइट के तार क्यों निकाल देता है। मैं बिजली बिल भरता हूं।
आरोपी रमेश पुत्र रामसिंग, जो उसके घर के सामने रहता है, सामने खड़ा होकर उसकी बातचीत सुन रहा था। वह हाथ में लकड़ी लेकर आया और बोला कि तू मेरा नाम लाइट बंद करने का क्यों लेता है। मैं तेरे घर की लाइट बंद नहीं करता हूं। तू मुझे मोहल्ले में बदनाम क्यों करता है।
यह कहते हुए आरोपी ने लकड़ी से बदरीबाई के सिर पर मारा, जिससे वह बेहोश हो गई। गांव के लोगों ने बदरीबाई को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल खंडवा लेकर आए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी रमेश को गिरफ्तार किया बाद विवेचना पूर्ण कर अभियोग पत्र न्यायालय में पेश किया गया था।