
नईदुनिया प्रतिनिधि, खंडवा। साइबर अपराधों की राेकथाम के लिए इन दिनों पुलिस प्रदेश व्यापी सेफ क्लिक अभियान चला रही है। विभिन्न माध्यमों के जरिए लोगों को साइबर ठगी से बचने के लिए जागरुक किया जा रहा है।इसी क्रम में खंडवा पुलिस भी सेफ क्लिक अभियान चला रही है।
इस अभियान का कोई खास असर देखने को नहीं मिल रहा है। ऐसा इसलिए कहना पड़ रहा है क्याेंकि पुलिस के इसी अभियान के बीच शहर में एक महिला को ठगोरे ने अपना ठगी का शिकार बना लिया।
महिला ने मामले की शिकायत कोतवाली थाने में की है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने महिला के रुपये होल्ड करवा दिए हैं, जल्द ही इनकी रिकवरी करने की बात कही जा रही है।
फरियादी रामवती पति धनराज पटनारे निवासी कावेरी ग्रीन सिविल लाइन ने बताया कि एक जुलाई को मेरे पास एक अंजान नंबर से फोन आया था। जिसमें उन्होंने कहा कि मैं इंदौर से बोल रहा हूं।
आपका एलआईसी का बीमा का एक लाख 25 हजार रुपये बोनस मिला है। आप अपना क्यूआर कोड दे दिजिए। महिला ने बताया कि मेरे पति की मौत हो चुकी है। मैंने अपने बच्चों के नाम से एलआईसी का बीमा करवाया था।इसलिए उनकी बातों पर यकीन हो गया।
मैंने क्यूआर कोड डाला तो उन्होंने मुझे 25 हजार रुपये डाले इसके बाद 15 हजार रुपये डाले। रुपये डालने के बाद पूछा कि रुपये आ गए क्या, मैंने चेक किया तो रुपये मेरे अकाउंट में आए थे।
इसके बाद उन्होंने कहा कि एक साथ रुपये नहीं जाएंगे। इसके बाद उन्होंने कहा कि आप रुपये डाल दिजिए आपको रुपये रिफंड हो जाएंगे।
इसके बाद उन्होंने अलग-अलग क्यूआर कोड डालकर मुझसे करीब 70 हजार रुपये डलवा लिए। उन्होंने मेरे खाते में जो रुपये डाले थे, वो भी मेरे अकाउंट से चले गए।
जब मेरा छोटा बेटा घर आया तो उसने देखा और कहा कि मम्मी अपना अकाउंट तो माइनस हो रहा है। इधर, उधर दिखाने पर हमें बताया गया कि धोखाधड़ी हुई है। इसके बाद हमने थाने पहुंच कर शिकायत की।
थाने वालों ने 1930 पर काल कर रुपये होल्ड करवाए। महिला से पुलिस के द्वारा चलाए जा रहे सेफ क्लिक अभियान के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा कि मुझे इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है कि पुलिस कौन सा अभियान चला रही है न ही संबंध में कहीं से कोई सूचना मिली।