
Khandwa Crime News खंडवा (नईदुनिया प्रतिनिधि)। खाद-बीज व्यापारी विनीत अग्रवाल की मौत की गुत्थी को हरसूद पुलिस ने सुलझा लिया है। हनीट्रैप के जाल में फंसे व्यापारी ने तंग आकर अपनी जान दे दी। उसे उज्जैन की आर्केस्ट्रा की गायिका ने अपने जाल में फंसाया था। वह अपनी बहन और मां के साथ मिलकर उससे रुपयों की मांग कर रही थी। आए दिन होने वाली रुपयों की मांग से तंग आकर उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। पुलिस ने गायिका और उसकी बहन पर प्रकरण दर्ज करते हुए गिरफ्तार किया है। दोनों को पूछताछ के बाद जेल भेज दिया।
अपनी जान देने से पहले विनीत ने अपने मोबाइल से आखिरी बार बात उज्जैन में रहने वाले गुड़िया से की थी। इस काल के पहले उसकी और गुड़िया के बीच वाइस चेटिंग भी हुई थी। इसके बाद पुलिस ने उज्जैन से गुड़िया को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कुछ ही देर में सारा मामला उजागर हो गया। इसके बाद गुड़िया की बहन नरगिस और मां मजहरी को भी पुलिस ने हिरासत में लिया। तीनों को हरसूद थाने लाकर पूछताछ की गई।
करीब डेढ़ साल पहले विनीत अग्रवाल अपने दोस्त के साथ कंपनी के कार्यक्रम में मांडव गया था। यहां उसकी मुलाकात गुड़िया से हुई थी। दोनों ने एक-दूसरे को अपने मोबाइल नंबर दिए थे। यहां से बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ जो प्रेम संबंध में बदल गया। विनीत गुड़िया से मिलने उज्जैन जाने लगा था।
इसके बाद गुड़िया उस पर बार-बार दबाव डालकर उज्जैन बुलाने लगी। साथ ही उससे रुपयों की मांग करने लगी। बार कोड भेजकर उसने विनीत से रुपये भी बुलवाए थे। यही नहीं विनीत ने गुड़िया को मकान बनवाकर भी दिया था। करवा चौथ पर गुड़िया ने मोबाइल कर विनीत को उज्जैन आने के लिए कहा था।
विनीत और गुड़िया के प्रेम संबंध की बात मां मजहरी और बहन नरगिस को भी पता थी। नरगिस मेहंदी लगाने का काम करती है। मजहरी और गुड़िया भी विनीत से रुपयों की मांग करते थे। यह बात विनीत के मोबाइल नंबर पर हुई वाइस चेटिंग से सामने आई है। नरगिस ने भी बार कोड भेजकर विनीत से अपने खाते में रुपये डलवाए थे।
इस तरह तीनों ही उसे रुपयों को लेकर परेशान कर रहे थे। बताया जाता है कि आरोपित गुड़िया की शादी शाजापुर के युवक से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के बीच तलाक हो गया था। इसके बाद भी वह अपने पहले पति से बात करती थी। यह बात भी विनीत को पता चल गई थी।
हरसूद निवासी विनीत शुक्रवार शाम को करीब सात बजे घर से निकला था। इसके बाद उसका कहीं पता नहीं चल सका। शनिवार को शाम उसकी कार चारखेड़ा ओवरब्रिज पर खड़ी मिली थी। कार में दो मोबाइल मिले थे। इसके बाद से पुलिस ब्रिज के नीचे इंदिरा सागर के बैकवाटर में विनीत की तलाश कर रही थी। सोमवार की सुबह उसका शव बैकवाटर में मिला था।
शुक्रवार को घर से निकलने के बाद विनीत चारखेड़ा ओवरब्रिज पर कार से पहुंचा था। यहां कार के पास शराब और बीयर से भरे दो ग्लास मिले। बताया जाता है कि विनीत शराब पीने का शौकीन था। कार के पास मिला गिलास शराब से भरा हुआ था जबकि दूसरे गिलास में बीयर नहीं थी। सूत्रों के अनुसार विनीत के साथ उस रात एक और व्यक्ति था, जो बीयर पीता था। हालांकि इस हमराज का अभी तक नाम सामने नहीं आया है।
- आरोपित गुड़िया, बहन नरगिस और मां मजहरी पर धारा 306 में प्रकरण दर्ज किया है। तीनों पर आरोप है कि उन्होंने विनीत को आत्महत्या के लिए उकसाया है। आरोपित गुड़िया और नरगिस को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया। इस मामले में गुड़िया मुख्य आरोपित है। -अंतिम पंवार, टीआइ हरसूद थाना